पंजाब विधानसभा चुनाव में फिर कांग्रेस के लिए काम करेंगे प्रशांत किशोर? CM चन्नी ने दिया संकेत
चंडीगढ़, 3 नवंबर: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर को फिर से अपने साथ जोड़ सकती है। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने इसके संकेत दिए हैं कि हां वो पार्टी के साथ आ सकते हैं। इन दिनों गोवा विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के लिए काम कर रहे प्रशांत किशोर हाल ही में कांग्रेस पर हमलावर भी दिखे थे।
Recommended Video

क्या बोले हैं चन्नी
प्रशांत किशोर को लेकर हुए एक सवारल पर पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने आजतक चैनल पर कहा कि पार्टी हाईकमान ने उनको प्रशांत किशोर के साथ चुनावी रणनीति पर बात करने को कहा है। चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा, मुझे पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी ने चुनावी रणनीति प्रशांत किशोर से साझा करने की सलाह दी है। चन्नी का ये बयान इसलिए अहम है क्योंकि प्रशांत किशोर ने हाल के दिनों में कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए बयान दिए हैं। वहीं उनको अमरिंदर सिंह का भी करीबी माना गया था, अब अमरिंदर सिंह कांग्रेस छोड़ चुके हैं। प्रशांत पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के प्रधान सलाहकार थे।

कांग्रेस और पीके में दिखी थी अनबन
बीते हफ्ते प्रशांत किशोर ने एक कार्यक्रम में कहा था कि भारतीय जनता पार्टी काफी लंबे समय तक भारतीय राजनीति के केंद्र में बनी रहेगी और अगले कई दशकों तक कहीं जाने वाली नहीं है। किशोर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'जनता बीजेपी को तत्काल उखाड़ फेंकेगी' के बयान को भी गलत कहा था। इस पर कांग्रेस ने उनको निशाने पर लेते हुए कहा था कि कंसल्टेंट अपने आप को जितना महत्वपूर्ण मानते हैं, अगर सब उनको इतना महत्वपूर्ण मानने लग गए जाएंगे तो फिर देश ये कंसल्टेंट ही चलाएंगे।

कांग्रेस के सामने पंजाब बचाने की चुनौती
पंजाब में कांग्रेस की सरकार है, अगले साल होने वाले चुनाव में पार्टी यहां फिर सत्ता में लौटना चाहती है। उसके सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने की नेताओं की नाराजगी दूर करना है। कांग्रेस से सीएम रहे अमरिंदर सिंह अब अलग पार्टी बनाकर कांग्रेस को चुनौती दे रहे हैं। वहीं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिद्धू भी कई बार नाराजगी जता चुके हैं। ऐसे में पार्टी आलाकमान ने पंजाब कांग्रेस के प्रभारी को भी बदलते हुए हरीश चौधरी को ये जिम्मेदारी दी है। चन्नी के बयान के बाद अब लग रहा है कि प्रशांत किशोर को लाने पर भी कांग्रेस आलाकमान मन बना चुका है।












Click it and Unblock the Notifications