सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले पर बोले सीएम भगवंत मान, कहा-'पंजाब और पंजाबियों को बदनाम करने की साजिश नाकाम'
शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख और पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल पर बुधवार सुबह स्वर्ण मंदिर में जानलेवा हमला हुआ है। खबर है कि सुखबीर सिंह बादल जब धार्मिक सजा के तहत स्वर्ण मंदिर के गेट पर पहरा दे रहे थे। इस दौरान एक युवक ने उन पर गोली चलाई। हालांकि बादल पूरी तरह सुरक्षित है। स्वर्ण मंदिर के गेट पर मौजूद लोगों ने गोली चलाने वाले शख्स को भी पकड़ लिया है। लेकिन इस घटना से पंजाब की सियासत में उबाल आ गया है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ने आज एक बड़ी घटना होने से रोक दी है। पंजाब पुलिस की तत्परता के परिणामस्वरूप पंजाब और पंजाबियों को बदनाम करने की साजिश विफल हो गई है। पुलिस ने हमलावर को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।

उन्होंने आगे लिखा कि यह पंजाब पुलिस की बड़ी सफलता है। मैं पुलिस की तत्परता की सराहना करता हूं। मैं सुखबीर सिंह बादल पर हमले की कड़ी निंदा करता हूं। मैंने पुलिस को घटना की तुरंत जांच करने और रिपोर्ट सौंपने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।
आपको बता दें कि सुखबीर सिंह बादल पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम हैं। सुखबीर सिंह बादल को श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से राम रहीम को माफी और बेअदबी के मामले में सजा सुनाई है। अकाल तख्त में उन्हें और अन्य अकाली दल के नेताओं को गलतियों के लिए तंखा (धार्मिक) सजा सुनाई है।
इस सजा के तहत स्वर्ण मंदिर और कई अन्य गुरुद्वारों मैं उन्हें सेवादार के रूप में बर्तन धोने, जूते साफ करने और गेट पर पहरेदारी करना शामिल है। इसी के तहत सुखबीर सिंह बादल सेवादार के कर्तव्य का पालन करते हुए स्वर्ण मंदिर के गेट पर पहरा दे रहे थे। इस दौरान एक युवक ने उन पर गोली चला दी।
सुखबीर सिंह बादल पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के बेटे हैं। सुखबीर सिंह बादल पर स्वर्ण मंदिर के गेट पर पहरेदारी के दौरान गोली चलाने की घटना की कड़ी निंदा की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications