आप के दो बड़े नेता भाजपा में हुए शामिल तो सीएम मान ने कही बड़ी बात
पंजाब की राजनीति में आज बड़ी उथल-पुथल देखने को मिली है। आम आदमी पार्टी के दो बड़े नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी का हाथ थाम लिया है। पार्टी के जालंधर के दो बड़े नेता सुशील कुमार रिंकू और शीतल अंगुराल ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली है।
दोनों नेताओं के भाजपा में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दोनों नेताओं पर तंज कसा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि वैसे तो दरिया बडे़ घर जाता है, लेकिन वह समुंदर में जाकर वह मर जाता है। गर्दन सीधी रखने का नतीजा भुगत रहे हैं। बेशर्मों का तो सिर झुकाकर भी काम चल जाता है। पंजाब की गर्दन को मान के साथ हमेशा ऊंचा रखेंगे।

गौर करने वाली बात है कि लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद से ही प्रदेश में नेताओं का दल-बदल शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में कांग्रेस और अन्य दल के नेता आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। पार्टी प्रदेश की सभी 13 लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने सभी सीटों पर जीत का लक्ष्य रखा है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लोगों से अपील की है कि वह आम आदमी के सभी 13 उम्मीदवारों को संसद पहुंचाएं जहां वो पंजाब के लोगों की आवाज उठाएंगे, फिर किसी की मजाल नहीं होगी कि पंजाब के फंड को रोक ले, पंजाब की झांकी को 15 अगस्त और 26 जनवरी में जाने से रोक दे।












Click it and Unblock the Notifications