धोखे से बेहोश कर खींची अश्लील फोटो, रिश्तेदार ने किया रिश्ते को कलंकित
Pune news, पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में एक 30 वर्षीय महिला के कोल्ड्रिंक में नशीली दवा मिलाकर अश्लील फोटो निकालकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। महिला के अश्लील फोटो पति को दिखाने की धमकी देकर आरोपी ने शारीरिक संबंध बनाने को कहा। यह मामला हिंजवडी पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार इस मामले में महिला के पति ने शिकायत दर्ज करवाई है। यह घटना होटल स्पून के पास 24 नवंबर 2018 की है। आरोपी शख्स द्वारा महिला को लगातार ब्लैकमेल और परेशान किए जाने के बाद यह मामला दर्ज करवाया गया है।
यह घिनौना काम महिला के किसी रिश्तेदार ने किया है। महिला को होटल स्पून में मिलने के लिए बुलाया था। महिला के कोल्ड्रिंक्स में नशीला पदार्थ मिला दिया था। कोल्ड्रिंक पीने के बाद महिला को नशा हो गया था, महिला को घर छोड़ने के बहाने सुनसान इलाके में ले जाकर महिला के साथ अश्लील हरकत की। उस दौरान महिला की अश्लील फोटो निकाल लिए। कुछ दिनों बाद महिला को उसके अश्लील फोटो भेजकर आरोपी शख्स ब्लैकमेल करने लगा।
महिला से पैसों और शारीरिक संबंध बनाने का दवाब डाला। इस बात से परेशान होकर महिला ने अपने पति को सारी बात बताई। महिला के पति ने तुरंत हिंजवडी पुलिस स्टेशन में इस मामले में शिकायत की। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।