दो सीटों पर उम्मीदवार उतारने के बाद आगे की रणनीति पर ये बोले राजा भैया
Pratapgarh news, प्रतापगढ़। यूपी के प्रतापगढ़ में होली के त्योहार के बाद सियासत गर्म हो गयी है। कुंडा के बाहुबली विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री रघुराज प्रताप उर्फ़ राजा भैया द्वारा बनाई गयी नई पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक को चुनाव आयोग ने चुनाव चिन्ह यूपी के लिए आवंटित कर दिया है। चुनाव आयोग ने राजा भैया की पार्टी को फुटबॉल प्लेयर चुनाव चिन्ह आवंटित किया है।

दो सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा
राजा भैया को जैसे ही मेल पर इसकी अधिकृत जानकारी मिली राजा भैया के राजमहल में जश्न का माहौल व्याप्त हो गया। वहीँ राजा भैया ने बातचीत करते हुए इसकी पुष्टि की। साथ ही नई पार्टी के चुनाव चिन्ह मिलने से खुश हुए राजा भैया ने बातचीत के दौरान प्रतापगढ़ और कौशाम्बी सीट से उम्मीदवार भी घोषित कर दिया। प्रतापगढ़ के उनके रिश्तेदार व एमएलसी कुंवर अक्षय प्रताप सिंह, जबकी कौशांबी से शैलेन्द्र कुमार को अपना प्रत्याशी बनाने की घोषणा भी की।

आगे के प्लान पर राजा भैया ने क्या कहा?
साथ ही राजा भैया ने कहा कि जौनपुर, फतेहपुर, उन्नाव, झांसी से काफी अच्छे और सामाजिक लोगों की बड़ी संख्या में चुनाव लड़ने के लिए आवेदन आ रहे हैं। अभी उनका नाम फाइनल नहीं किया गया है। जल्द ही उनको नामों को फाइनल कर उनको चुनावी मैदान में उतारा जायेगा। पार्टी बैठक के बाद इसका निर्णय होगा। वहीं भाजपा और कांग्रेस के साथ गठबंधन करने की चर्चा पर राजा भैया बोले कि हमने किसी को गठबंधन का कोई प्रस्ताव नहीं किया है।

भाजपा के करीब हैं राजा भैया
आपको बताते चलें कि राजा भैया पहले सपा समर्थित थे लेकिन सपा से उनकी राज्य सभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोप के चलते सपा से उनकी दूरी बढ़ गयी। इसके बाद राजा भैया भाजपा के नजदीक आ गए। इसके बाद राजा भैया ने अपनी नई पार्टी भी बना डाली। भाजपा से गठबंधन की चर्चा भी कई दिनों से जोरों पर थी लेकिन राजा भैया ने इसका खंडन कर दिया जिसके चलते यूपी की सियासत गर्म हो गयी है।












Click it and Unblock the Notifications