बिहार: ट्रक ने 3 छात्राओं को कुचला, 2 की मौत
पटना। बिहार के रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र में गुरुवार स्कूल बस का इंतजार कर रही तीन छात्राओं को एक अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया। दुर्घटना में दो छात्राओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। शिवसागर के थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि गुरुवार सुबह बम्हौर गांव की कुछ छात्राएं शिवसागर जाने के लिए जीटी रोड के किनाारे स्कूल बस का इंतजार कर रही थीं।

इसी दौरान एक अनियंत्रित ट्रक ने तीन छात्राओं को कुचल दिया। इस घटना में दो छात्राओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान रूपा कुमारी और ममता कुमारी के रूप में की गई है।
घायल छात्रा को सासाराम के एक निजी क्लिनिक में भर्ती करा दिया गया है। ट्रक के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये बतौर मुआवजा देने की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications