राजद नेता की बेरहमी से पिटाई, तेजप्रताप ने समर्थकों के साथ किया थाने का घेराव
Patna news, पटना। राजधानी पटना के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के रानी घाट स्थित पीजी हॉस्टल में छात्र राजद नेता गगन यादव की हुई बेरहमी से पिटाई और अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज राजद के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और विधायक तेज प्रताप यादव ने अपने समर्थकों के साथ रविवार की शाम सुल्तानगंज थाने का घेराव कर दिया।

थाने में मची अफरातफरी
तेज प्रताप यादव अपने समर्थकों के साथ लगभग 15 मिनट से ज्यादा देर तक थाना परिसर में जमे रहे। इस दौरान राजद कार्यकर्ता तेज प्रताप यादव जिंदाबाद का नारा बुलंद कर रहे थे। तेज प्रताप यादव के थाना पहुंचने से पूरे थाना परिसर में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। राजद विधायक की नाराजगी इस बात को लेकर थी कि पीड़ित पक्ष द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद भी पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई नहीं की गयी।

हरकत में आए पुलिस अफसर
राजद नेता के थाना परिसर में जमा होने की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी हरकत में आ गए। आनन फानन में पटना सिटी एडिशनल एसपी ने मौके पर पहुंचकर तेज प्रताप यादव को कार्रवाई का भरोसा दिलाया, वही थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार शाही ने राजद नेता को एफआईआर की कॉपी दिखा कर पुलिस द्वारा नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सघन छापेमारी अभियान चलाए जाने की बात दोहराई।

नीतीश पर साधा निशाना
पुलिस का आश्वासन मिलने के बाद राजद नेता अपने समर्थकों के साथ वापस पटना लौट गए। इस दौरान राजद नेता ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए नीतीश सरकार पर अपराधियों को संरक्षण दिए जाने का आरोप लगाया। राजद नेता का कहना था कि आए दिन अपराधी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और लगातार राजद कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है बावजूद इसके पुलिस प्रशासन द्वारा अपराधियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन
मौके पर मौजूद पटना सिटी एडिशनल एसपी ने सभी चार नामजद अभियुक्तों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिए जाने का भरोसा दिलाया है। गौरतलब है कि 2 दिन पूर्व पीजी हॉस्टल में जन अधिकार पार्टी के छात्र नेताओं द्वारा राजद छात्र नेता गगन यादव की जमकर पिटाई कर दी गई थी, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल गगन यादव का पीएमसीएच में इलाज चल रहा है।
ये भी पढ़ें-कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रामजतन सिन्हा थामेंगे JDU का हाथ, कहा- पार्टी ने नहीं किया उनके साथ इंसाफ












Click it and Unblock the Notifications