अच्छी नींद चाहिए तो सोते वक्त 432 हर्ट्ज का म्यूजिक सुना कीजिए, दिमाग को रिलेक्स भी मिलेगा: AIIMS का रिसर्च
पटना। भागदौड़ भरी जिंदगी में बहुत से लोग नींद न आने की समस्या से परेशान रहते हैं। वहीं, कुछ लोगों को तरह-तरह की चिंता सताती है और कुछ लोग तनाव के कारण भी अच्छी नींद सो नहीं पाते। अच्छी नींद आने के लिए क्या करें, यह आज आप पटना एम्स (AIIMS) के रिसर्च से जान जाएंगे। दरअसल, एम्स के एक रिसर्च में पाया गया है कि अगर सोते वक्त अच्छा-सा म्यूजिक सुना जाए तो गहरी और पूरी नींद आ जाएगी। जरूरी है कि, आप 432 हर्ट्ज की फ्रीक्वेंसी पर कोई म्यूजिक सुनें और ट्यून को एंजॉय करते-करते लेटे हुए आंखें बंद कर लें। हां जी, इस तरह से लेटना अच्छी नींद लाने में सबसे ज्यादा लाभकारी है।

खास फ्रीक्वेंसी की धुन सुनने वालों नींद अच्छी आएगी
एम्स में फिजियोलॉजी विभाग के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. कमलेश झा का कहना है, हमने लोगों की नींद की समस्या को लेकर रिसर्च किया, यह रिसर्च 30 से 40 आयु वर्ग के 50 से अधिक स्वस्थ लोगों पर किया गया। जिसमें हमने बड़ा प्रयोग म्यूजिक सुनने को लेकर किया, ऐसे लोग जिन्हें कोई दिमागी परेशानी या बीमारी नहीं थी, लेकिन उन्हें नींद नहीं आ रही थी। देर से नींद आना और नींद पूरी नहीं होना, उनके लिए बड़ी दिक्कत थी..तो उन्हें हमने अलग-अलग दिन रैंडम म्यूजिक सुनाकर सुलाने की कोशिश की। पाया कि एक खास फ्रीक्वेंसी की धुन सुनने वालों को नींद पहले आई और उनकी नींद पूरी भी हो गई।"

ऐसा करने से मस्तिष्क को सुकून मिलता है
फिजियोलॉजी विभाग एम्स, के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. कमलेश झा के मुताबिक, "हमारी टीम ने रिसर्च में शामिल किए गए हर वर्ग के लोगों...जिनमें डॉक्टर और सोशल वर्कर के अलावा बिजनेसमैन भी शामिल थे, पर म्यूजिक सुनाकर सुलाने के प्रयोग किए। इसके लिए सितार और बांसुरी के साथ अन्य वाद्य यंत्रों की धुन को 432 हर्ट्ज पर तैयार किया। हमने पाया कि यह ध्वनि की एक ऑडियल फ्रीक्वेंसी है, जिससे मस्तिष्क को सुकून मिलता है।"

आखिर क्या होता है 432 Hz साउंड?
उन्होंने कहा, "लोगों को हमारी इस बात को समझना होगा कि 432 Hz (हर्ट्ज) साउंड एक विशेष प्रकार का कंपन छोड़ता है। इस फ्रीक्वेंसी का म्यूजिक सॉफ्ट व ध्यान केंद्रित करने वाला होता है। साथ ही इस ट्यून पर म्यूजिक ब्रेन को काफी रिलेक्स करता है। जब आप 432 हर्ट्ज साउंड को बतौर म्यूजिक सुनेंगे, तो पाएंगे कि इस फ्रीक्वेंसी का साउंड मस्तिष्क पर काफी सुखद प्रभाव डालता है। एक और बात यह है कि, इसे गणितीय रूप से ब्रह्मांड के अनुरूप माना जाता है।"












Click it and Unblock the Notifications