लालू यादव की हुई चारा घोटाला मामले में CBI कोर्ट में पेशी, अब अगली सुनवाई महीने के आखिरी दिन
पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की आज सीबीआई कोर्ट में पेशी हुई। लालू की यह पेशी चारा घोटाला मामले में हुई। सीबीआई कोर्ट ने लालू समेत 28 आरोपितों को हाजिर होने का आदेश दिया था। इसलिए लालू 22 नवंबर को दिल्ली से बिहार की राजधानी पटना आए। आज सुबह ही लालू का काफिला पटना स्थित सीबीआई की स्पेशल कोर्ट के लिए रवाना हुआ। उनके काफिले के साथ उनके बाउंसर्स भी थे। वहीं, कई राजद नेताओं की कारें भी थीं।

सीबीआई कोर्ट ने अब चारा घोटाला मामले में अगली सुनवाई 30 नवंबर को तय की है। जिसमें भी लालू को बुलाया जाएगा। दरअसल यह पूरा मामला भागलपुर से बांका जिला के उप कोषागार से फर्जी पत्र के जरिये 46 लाख रुपये की अवैध निकासी का है। इसी मामले में विशेष कोर्ट ने अनुपस्थित अभियुक्तों के बारे में पिछले दिनों कोर्ट में उपस्थित होने के लिए कहा। सीबीआई को यह निर्देश दिया गया कि उनकी रिपोर्ट दें, वे जिंदा हैं या मर गए। तब सीबीआई की ओर से बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव सहित 28 आरोपितों को अदालत में सशरीर उपस्थित होने के लिए कहा गया। यानी लालू को खुद कोर्ट में चारा घोटाले के बांका ट्रेजरी से अवैध निकासी मामले की सुनवाई के दौरान उपस्थित रहना है। कानून विशेषज्ञों का मानना है कि, अब चारा घोटाला मामले में लालू प्रसाद यादव की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

Recommended Video
कोर्ट में मामले की सुनवाई के दौरान कुछ दिनों पहले जगदीश शर्मा, आरके राणा, बेग जुलियस, साधना सिंह, ध्रुव भगत, त्रिपुरी मोहन प्रसाद, संजय उत्पल, फ्रेडरिक करकेटा, प्रभाकर कुमार सिंह समेत कुल 16 अभियुक्त उपस्थित थे, जबकि लालू प्रसाद यादव, नागेंद्र पाठक और प्रकाश कुमार लाल बीमारी के कारण कोर्ट में सदेह उपस्थित नहीं थे। लालू आज कोर्ट पहुंचे। इस बारे में कुछ देर पहले न्यूज एजेंसी ने सूचना दी थी कि, दिल्ली से पटना आए लालू यादव कोर्ट के लिए निकल चुके हैं। सड़क पर उनका काफिला सीबीआई की कोर्ट के लिए निकलते देखा गया। उनके साथ बाउंसर भी थे। बताया जा रहा है कि, अब लालू अपनी पार्टी के कार्यालय में लगाए जा रहे गुलाबी संगमरमर से बनी लालटेन जलाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications