बिहार में भाजपा नेता के घर और कार में लगाई आग, धमकी भरे पोस्टर भी चिपकाए
Patna news, पटना। बिहार के नवादा में भाजपा नेता के घर में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी और घर के बाहर खड़ी कार को भी फूंक दिया। घटना को अंजाम देने के बाद बीजेपी नेता के घर और बगल के घर में धमकी भरे पोस्टर भी चिपकाए गए मिले हैं जिसमें माओवादियों के हवाले से किसी जमीन से संबंधित विवाद के बाद रास्ते से हट जाने की धमकी दी गई है।

घटना भाजपा नेता प्रताप रंजन के नवादा के हनुमान नगर स्थित न्यू एरिया स्थित आवास की है। घटना के बाद से ही इलाके में दहशत कायम है। पीड़ित भाजपा नेता के मुताबिक बीती देर रात उन्होंने घर के बाहर टायर फटने की आवाज सुनी। आवाज सुनते ही वो घर से बाहर निकले और अपनी कार को जलता हुआ पाया। घर की खिड़कियों में भी असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी थी जिसे समय रहते मुहल्ले के लोगों ने बुझा दिया जिससे घर के अंदर आग नहीं लग पाई। वहीं तब तक बाहर खड़ी कार पूरी तरह जल चुकी थी।
घटना की जानकारी भाजपा नेता ने तत्काल नवादा सदर थाने की पुलिस को दी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए चिपकाए गए पोस्टर को जब्त कर लिया और अपने साथ लेते चली गई।भाजपा नेता ने इस घटना में माओवादियों का हाथ होने से इंकार करते हुए इसे किसी असामाजिक तत्वों की करतूत बताया है। फिलहाल पुलिस भाजपा नेता के बयान के आधार पर घटना की जांच में जुट गई है।
ये भी पढ़ें-जयमाला के बाद लड़की के मामा ने की हर्ष फायरिंग, मजदूर के आर-पार हुई गोली












Click it and Unblock the Notifications