बिहार चुनाव: बल्लेबाजी करने उतरे राहुल, रनर बनेंगे लालू-नीतीश
पटना (मुकुंद सिंह)। बिहार के चुनावी कप में 19 सितंबर को राहुल गांधी बल्लेबाजी करने उतरेंगे। लेकिन पांच साल पहले खेले गये मैच में इंजर्ड हुए राहुल अपने दम पर बल्लेबाजी नहीं करेंगे। उनके रनर बनेंगे नीतीश और लालू यादव। जिस तरह क्रिकेट के मैदान में जब कोई बल्लेबाज घायल हो जाता है, तो उसे रनर दिया जाता है, ठीक उसी प्रकार सोनिया गांधी ने अपने सुपुत्र राहुल गांधी को दो रनर दिये हैं- नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव। ये दोनों राहुल के लिये दौड़ेंगे। खैर इसमें कोई शक नहीं कि बनने वाले रन नीतीश के खाते में ही जुड़ेंगे, राहुल तो बस बैटिंग करेंगे।
पढ़ें- बिहार चुनाव सर्वे: BJP गठबंधन पर भारी जनता परिवार, नीतीश ही बनेंगे सीएम
बिहार में राहुल गांधी का चुनाव अभियान 19 सितंबर से शुरू हो रहा है। महागंठबंधन में शामिल कांग्रेस ने भी चुनाव प्रचार में तेजी लाने के लिये बिहार आयेंगे। कांग्रेस उपाध्यक्ष यहां चंपारण के रामनगर में एक सभा को संबोधित करेंगे। जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी की चंपारण में रैली के दौरान जदयू व राजद को भी आमंत्रित किया जायेगा।
सोनिया ने बनायी पिच
इस मैच में राहुल गांधी के लिये पिच तैयार करने का काम सोनिया गांधी ने किया। महागंठबंधन की ओर से पटना के गांधी मैदान में आयोजित स्वाभिमान रैली के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लालू-नीतीश के साथ मंच साझा किया था। हालांकि इस दौरान राहुल गांधी नदारद दिखे थे।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राहुल गांधी की चंपारण में होने वाली समरसता सम्मेलन और रैली का आयोजन पहले कांग्रेस का अपना निजी कार्यक्रम था, जो पहले से तय था। चुनाव की तारीखों का एलान किये जाने के बाद राजद एवं जदयू को भी इसमें शामिल होने के लिए बुलाये जाने का निर्णय लिया गया है।
दलित कार्ड होगा राहुल का पावर प्ले
राहुल की इस रैली में राहुल को पावर प्ले खेलने का मौका भी मिलेगा। चूंकि 19 सितंबर को डा. बी आर अंबेडकर की 125वीं जयंती है, लिहाजा के वे यहां होने वाले सलाना जलसों के तहत होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए राहुल गांधी चंपारण आ रहे हैं। इस दौरान भूमि अधिग्रहण कानून को बदले जाने के निर्णय को मोदी सरकार द्वारा वापस लेने पर वह बिहार के लोगों का अभिवादन करेंगे। जाहिर है, वे बिहार के पिछड़े व दलित वर्ग की समस्याओं को उठा कर मोदी सरकार पर निशाना जरूर साधेंगे।
स्कोडकार्ड पर व्यापक असर
कांग्रेसी सूत्रों की माने तो राहुल गांधी के साथ नीतीश व लालू के मंच साझा करने से बिहार चुनाव पर इसका व्यापक असर पड़ेगा। इससे महागठबंधन का स्कोरकार्ड मजबूत होगा इसमें कोई शक नहीं।
और चुनावी क्रिकेट की इस पारी के अंत में महागठबंधन के कार्यकर्ताओं के दिल में सलमान खान की फिल्म एक गीत गूंजेगा-
फूलों में खुशबू है, इस दिल में एक तू है
जन्मों के साथी, हम साथ-साथ हैं।
नैनों में ज्योति है, सीपी में मोती है
जन्मों के साथी, हम साथ-साथ हैं।
हम साथ-साथ हैं.......
पढ़ें- बिहार में किस पार्टी को किस बात का टेंशन













Click it and Unblock the Notifications