बिहार में 'मैं विद्यालय जाता हूं' का ट्रांसलेशन नहीं बता पाए अंग्रेजी के शिक्षक, Video वायरल
पटना, 10 जुलाई: बिहार के मोतिहारी जिले में एसडीओ रविंद्र कुमार कुछ स्कूलों का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। इसी दौरान वह चैता पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय (सरकारी स्कूल) गए और सीधे कक्षा में पहुंच गए। एसडीओ ने कक्षा में पढ़ा रहे हेडमास्टर से कैमरे के सामने 'मैं विद्यालय जाता हूं', 'मैं विद्यालय जा रहा हूं' का अंग्रेजी में अनुवाद पूछा, जो वह नहीं बता पाए। एसडीओ का सवाल सुनते ही हेडमास्टर बगले झांकने लगे। यही नहीं, एसडीओ ने स्कूल के एक और शिक्षक से जलवायु और मौसम के बीच अंतर पूछा। वह भी इसका जवाब नहीं दे सके। पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

SDO ने खुद बने टीचर, बच्चों को और शिक्षकों को ब्लैकबोर्ड पर पढ़ाया
बिहार के सरकारी स्कूल में शिक्षा व्यवस्था की पोल खोलता यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो के मुताबिक, एसडीओ रविंद्र कुमार औचक निरीक्षण पर स्कूल पहुंचते हैं और क्लासरूम में बच्चों को पढ़ा रहे सहायक शिक्षक मुकुल कुमार के पास पहुंच जाते हैं। वह शिक्षक मुकुल कुमार से पूछते हैं कि जलवायु, मौसम और पर्यावरण के बीच क्या अंतर है? शिक्षक इस सवाल का जवाब नहीं दे पाते हैं। इसके बाद खुद एसडीओ ब्लैकबोर्ड पर लिखकर शिक्षक और बच्चों को सरल भाषा में विस्तार से इन सबके बारे में बताते हैं।

'मैं विद्यालय जा रहा हूं', का अनुवाद नहीं कर पाए हेडमास्टर
इसके बाद एसडीओ रविंद्र कुमार स्कूल के हेडमास्टर विश्वनाथ राम के रूम में पहुंचते हैं और सवाल पूछते हैं, ''आप कौन से विषय के शिक्षक हैं?'' जवाब में हेडमास्टर कहते हैं, ''मैं अंग्रेजी और संस्कृत पढ़ाता हूं।'' एसडीओ रविंद्र कुमार पूछते हैं 'मैं विद्यालय जाता हूं', 'मैं विद्यालय जा रहा हूं' का अंग्रेजी में अनुवाद क्या हुआ? हेडमास्टर इसका जवाब नहीं दे पाते हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। हालांकि, ये पहला मामला नहीं है, जब सरकारी स्कूल के शिक्षकों की पोल खुली हो। पहले भी ऐसे कई वीडियो सामने आ चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications