यूक्रेन से सकुशल हिंदुस्तान लौटा हरियाणवी छात्र, धरती चूमकर बोला- 'Thanks God', अब फंसे दोस्तों से कर रहा बात
पानीपत। रूस-यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग से हालत विकट हो गए हैं। हालांकि, भारत सरकार यूक्रेन में फंसे हजारों लोगों को सकुशल वापस लाने में जुटी है। यूक्रेन से भारतीय नागरिकों और छात्रों में स्वदेश लौटने की जद्दोजहद मची है। इस बीच वहां से लौटे हरियाणा के पानीपत के रहने वाले अनिल ने वहां के हालातों के बारे में बताया। उन्होंने यूक्रेन में फंसे दोस्तों से बात की और उन्हें सांत्वना भी दी।

पानीपत के छात्र ने बताए हालत
पानीपत के अनिल बोले, "रूस-यूक्रेन के बीच तनाव बढ़ता जा रहा था। अमेरिका और यूरोप के कुछ देश इसे लेकर अलर्ट भी कर रहे थे कि हमला हो सकता है। ऐसे में मेरे परिजनों ने मुझे कहा कि यूक्रेन से फिलहाल आ जाओ। इसलिए मैंने तैयारी की और समय रहते निकल आया। उसके बाद खबरों में देखा कि वहां रूसी फौज दाखिल हो गई है।"
उसने कहा कि, "हाल ही में यूक्रेन से वापस पानीपत शहर में लौटा हूं। भारत आने पर मैंने पहले धरती को चूमा और भगवान का शुक्रिया अदा किया। थैंक्स गॉड..! वहां अब जो हो रहा है, मैं पहले निकल आया।"

भारतीयों की वापसी पर संकट
अनिल ने बताया कि, उसके जान-पहचान के कई लड़के वहां फंसे हैं, उसने उनसे बात की है और वहां के पल-पल के हालत जान रहा है। यूक्रेन में फंसे दोस्तों से वीडियो कॉल पर उनका हाल-चाल लेने के बाद अनिल ने बताया कि, वे सभी स्वदेश लौटना चाहते हैं, क्योंकि वहां पर आर्थिक स्थिति बहुत ज्यादा अच्छी नहीं है। ज्यादातर छात्रों के पास पैसा खत्म हो चुका है। डायरेक्ट फ्लाइट्स पर रोक लग गई है। इसकी वजह से भारतीयों की वापसी पर संकट आया है।
भाई बोले- जान है तो जहान है
अनिल के भाई बोले कि, जैसे ही हमने यूक्रेन के हालात बिगड़ने की खबर देखी तो पांव तले से जमीन खिसक गई और अपने भाई की चिंता सताने लगी।हमने आनन-फानन में उसके वापस भारत आने की टिकट बुक करवाई। और, कुछ घंटों बाद वो सरजमीं पर आ गया। उन्होंने कहा कि, वो पढ़ाई तो बाद में भी कर सकता है..जान है तो जहान है।
बंकरों में हैं काफी छात्र
बकौल अनिल, 'वहां फंसे दोस्त जो कुछ बता रहे हैं, बहुत परेशान करने वाला है। ऐसे में उन्होंने और उनके परिजनों ने सोशल मीडिया के जरिए मदद मांगी है। वहीं, कुछ ने यह अपील भी की है कि, पैसे नहीं बचे हैं और वे बंकरों में हैं..उन्हें कैसे भी वापस इंडिया एयरलिफ्ट कराएं।'












Click it and Unblock the Notifications