बिहार की तरह अब हरियाणा में भी होगी शराबबंदी, मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा- हम ये करेंगे..
पानीपत। हरियाणा में शराब के शौकीनों को जल्द सबक मिल सकता है। राज्य सरकार ने शराबबंदी करने के संकेत दिए हैं। ऐसा हुआ तो बिहार के बाद शराब पर पाबंदी लगाने वाला हरियाणा देश में दूसरा राज्य होगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का कहना है कि जनता चाहे, तो सरकार फैसला ले सकती है। बकौल खट्टर, ''अगर 10 प्रतिशत लोगों ने भी खिलाफ में वोट किया तो हरियाणा के गांवों में शराब की दुकानें बंद हो सकती हैं।'' ऐसे में अब शराब पर रोक लगने की महिलाओं की मांग को बल मिला है। इससे पहले बिहार में 1 अप्रैल 2016 से शराब पर पाबंदी लगाई गई थी। बिहार से पहले देश के कई राज्यों में शराबबंदी लागू है।

'ग्राम सभा तय करेगी कि शराब ठेका खुले या नहीं'
हरियाणा मंत्रिमंडल विस्तार के बाद पहली कैबिनेट की बैठक के उपरांत खट्टर ने कहा, राज्य में अब ग्राम पंचायत नहीं, ग्राम सभा तय करेगी कि गांव में शराब का ठेका खुलेगा या नहीं। गांव की सीमा से बाहर शराब के ठेके खोलने के लिए ग्राम पंचायत की बजाय ग्राम सभा में ग्राम पंचायत के कुल पंजीकृत मतदाताओं के 10 प्रतिशत मतदाताओं द्वारा पारित प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए बिल भी लाया जाएगा। इस तरह शराबबंदी करना आसान है।

संविधान दिवस के अवसर पर विशेष सत्र
खट्टर ने आगे यह भी बताया कि भारत के संविधान अपनाने की 70वीं वर्षगांठ के अवसर पर 26 नवम्बर, 2019 को संविधान दिवस के अवसर पर हरियाणा विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाया जाएगा। इस विशेष सत्र में संविधान पर विशेष चर्चा होगी।












Click it and Unblock the Notifications