पलवल: घर में मिलीं एक ही परिवार के 5 लोगों की लाशें, पुलिस को संदेह- मालिक ने जहर देकर खुद फांसी लगाई
पलवल। हरियाणा में पलवल जिले के एक गांव में परिवार के पांच लोगों की लाशें मिलीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी। होड़ल के डीएसपी सज्जन सिंह ने बताया कि, लाशें कब्जे में ली गई हैं। उक्त परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है। आस-पड़ोस के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर, घटना परिवारिक विवाद में हुई लग रही है। डीएसपी ने कहा, "परिवार के मुखिया ने खुद को फांसी लगा ली। प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि उसने अपने परिवार को जहर दिया या सबका गला घोंट दिया। परिवार के बाकी सदस्यों ने विवाद की ओर इशारा किया है, लेकिन वे ब्यौरा नहीं दे रहे हैं।"

घटना औरंगाबाद गांव की है, जहां आज एक घर में पांच लोगों के शव मिले। पुलिस ने बताया कि, मृतकों की पहचान नरेश (33),उसकी पत्नी आरती (30), उनके दो बच्चों और नरेश की भतीजी के रूप में की गई है। मृतक नरेश के पिता के अनुसार, सुबह पशुओं को चारा देने के बाद जब वह घर आए तो उन्होंने बेटे को फंदे से लटका पाया। वहीं, बहू और बच्चे बिस्तर पर बेसुध पड़े थे। उन्होंने कहा कि, यह देखकर मैं कांपने लगा। फिर मैंने तत्काल पड़ोसियों को बताया और पुलिस को सूचना दी।

न्यूज एजेंसी के मुताबिक, घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस तत्काल सभी को अस्पताल ले कर गई, जहां चिकित्सक ने सभी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि, लाशों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है..अब रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस के अनुसार, ऐसा बताया जा रहा है कि आपसी कलह के बाद परिवार का यह हश्र हुआ। एक ही परिवार के पांच लोगों की लाशें मिलने से गांव में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि, नरेश झांसी में अपने एक रिश्तेदार के साथ होटल चलाता था।













Click it and Unblock the Notifications