कोरोना वायरस: पाकिस्तान को अमेरिका की तरफ से मिले 6 मिलियन डॉलर
इस्लामाबाद। पाकिस्तान को कोरोना वायरस से लड़ने के लिए अमेरिका की तरफ से छह मिलियन डॉलर की मदद दी गई है। रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की तरफ से इस मदद का ऐलान किया गया है। पाकिस्तान में अमेरिकी राजदूत पॉल जोंस ने वीडियो मैसेज में कहा है कि यह मदद महामारी के खिलाफ पाकिस्तान की प्रतिक्रिया को और मजबूत करेगी। जोंस ने इसके साथ ही पाकिस्तान को ईद की शुभकामनाएं भी दी हैं।

इमरान खान ने की थी आर्थिक मदद की अपील
पिछले कुछ समय से पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने लगातार देशों से अपील की थी कि महामारी से लड़ने के लिए उनके देश को आर्थिक मदद दी जाए। पॉल जोंस ने कहा कि इस रकम की वजह से पाक के हेल्थकेयर वर्कर्स को दी जाने वाली ट्रेनिंग का दायरा बढ़ाया जा सकेगा जो इस समय मरीजों की तीमारदारी में लगे हुए हैं। जोंस ने कहा है कि इससे पाक में मरीजों की संख्या में लगाम लग सकेगी, स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा होगा और हॉट-स्पॉट्स वाली जगहों पर वायरस की टेस्टिंग के लिए चौथी मोबाइल लैब स्थापित हो सकेगी। अमेरिकी दूतावास की तरफ से बताया गया है कि अब तक पाकिस्तान को महामारी का सामना करने के लिए अमेरिका की तरफ से 21 मिलियन डॉलर दिए जा चुके हैं। पाकिस्तानी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अब तक सिंध में 21,645 मामले, पंजाब में 19,557, खैबर-पख्तूनख्वा में 7,685, बलूचिस्तान में 3,306, इस्लामाबाद में 1,592, गिलगित-बाल्तिस्तान में 619 और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 197 मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि कुल 17,198 मरीज अब तक स्वस्थ हो चुके हैं और अब तक कुल 4,73,607 लोगों की जांच की गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications