नए साल में फिर मिलेंगे पीएम नरेंद्र मोदी और पाक पीएम नवाज शरीफ की मुलाकात
इस्लामाबाद। फ्रांस की राजधानी पेरिस में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की मुलाकात हुई थी। अब एक बार फिर यह दोनों नेता मुलाकात की तैयारी में जुट गए हैं।
खबरें हैं कि पीएम मोदी और पीएम शरीफ स्विजटरलैंड में 20 जनवरी से शुरू दावोस-क्लोस्टर्स में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के 46वीं वार्षिक मीटिंग के दौरान मिल सकते हैं। पाकिस्तान के न्यूजपेपर द न्यूज इंटरनेशनल की ओर से इस बात की जानकारी दी गई है।
'द न्यूज इंटरनेशनल ने सूत्रों के हवाले से बुधवार को कहा कि भारत ने मोदी की बैठक में भागीदारी की स्वीकृति दे दी है। पाकिस्तान की ओर से शरीफ बैठक में सम्मिलित होंगे। इसी बीच संभावना है कि दोनो देशों के प्रधानमंत्रियों की मुलाकात के बाद पाकिस्तान और भारत के विदेश सचिवों के बीच भी बातचीत होगी।
सूत्रों के मुताबिक भारत चाहता है कि दोनों देशों के बीच भविष्य की वार्ता तय करने को लेकर बातचीत नई दिल्ली में हो, वहीं पाकिस्तान की मांग है कि यह इस्लामाबाद में हो।
आइए आपको बताते हैं कि जब से पीएम मोदी प्रधानमंत्री बनें हैं तब से कितनी बार उनकी और पीएम नवाज की मुलाकात हो चुकी है। इसकी शुरुआत मई 2014 को पीएम मोदी के शपथ ग्रहण से हुई थी।

पीएम मोदी ने भेजा था इनवाइट
मई 2014 में जब नरेंद्र मोदी अपने पद की शपथ लेने वाले थे, उस समय पीएम नवाज शरीफ से उनकी पहली मुलाकात हुई थी। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के अगले दिन पीएम नवाज शरीफ और पीएम मोदी की हैदराबाद हाउस में एक खास मुलाकात हुई थी।

नेपाल में हुआ था सम्मेलन
इस मुलाकात के बाद पीएम मोदी और पीएम नवाज शरीफ की मुलाकात दिसंबर 2014, नेपाल की राजधानी काठमांडू में हुए सार्क सम्मेलन के दौरान हुई थी। उस समय हालांकि शुरुआत में यह खबरें भी आई थीं कि पीएम मोदी और पीएम नवाज ने एक दूसरे को नजरअंदाज कर दिया था। लेकिन बाद में दोनों के 'हैंडशेक' ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं।

हुई थी कुछ मिनटों तक बात
जुलाई 2015 में रूस के उफा में हुए एक सम्मेलन के दौरान मुलाकात की थी। मई 2014 के बाद दोनों नेता पहली बार द्विपक्षीय वार्ता के लिए एक-दूसरे से मिले थे। उफा के दौरान कुछ मुद्दों को आधार बनाकर दोनों देशों के बीच बातचीत को आगे बढ़ाने का वादा किया गया था।

चलते-चलते मिल गए दोनों नेता
हाल ही में फ्रांस की राजधानी पेरिस में हुए जलवायु परिवर्तन सम्मेलन के दौरान नेताओं की फिर से एक मुलाकात हुई थी। हालांकि मुलाकात अनौपचारिक थी लेकिन इस मुलाकात ने बातचीत का नया रास्ता खोला था।

सिर्फ चंद मिनटों की थी मुलाकात
इन दोनों के बीच सितंबर 2015 में यूनाइटेड नेशंस जनरल एसेंबली के एक सम्मेलन के दौरान एक अनौपचारिक लेकिन कुछ ही मिनटों की मुलाकात की खबरें भी आई थीं। लेकिन उस समय दोनों की मुलाकात को सिर्फ एक शिष्टाचारवश हुई मुलाकात बताया गया था।












Click it and Unblock the Notifications