उल्टा चोर कोतवाल को डांटे, लखवी के मुद्दे पर भारत पर ही भड़का पाक
इस्लामाबाद। पाकिस्तान आतंकवाद पर लगाम लगाने को लेकर इसकी नीयत और प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की नीति पर भारत को जो शक था, वही यकीन में बदलता नजर आ रहा है। पाक में मुंबई आतंकी हमलों के मुख्य आरोपी और इन हमलों के मास्टर माइंड जकी-उर-रहमान लखवी की जमानत को लेकर जो ड्रामा चल रहा है, उसे लेकर अब भारत को ही आंख दिखाने का खेल शुरू हो गया है।

पाक ने दी भारत को सीख
भारत को सीख देते हुए पाक विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता तसनीम असलम की ओर से बयान दिया गया है कि भारत को थोड़ा धैर्य रखना होगा और इंतजार करना होगा। सिर्फ इतना ही अपनी गलतियों पर पर्दा डालते हुए तसनीम ने भारत को वर्ष 2007 में हुए समझौता एक्सप्रेस ब्लास्ट की याद दिला डाली। साथ ही साथ हर बार की तरह इस बार भी भारत को एलओसी पर हो रही फायरिंग के लिए जिम्मेदार ठहरा डाला।
पहले तो पाक ने लखवी को मुंबई हमलों के सिलसिले में जेल में रखने से ही साफ इंकार कर दिया और अब उसकी ओर से बयान आया है कि भारत इस मुद्दे पर जो विरोध दर्ज करा रहा है, वह बेवजह है। पाक के मुताबिक यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है कि भारत इस मुद्दे को इतना तूल दे रहा है।
समझौता एक्सप्रेस ब्लास्ट का मुद्दा
तसनीम असलम ने कहा कि समझौता एक्सप्रेस ब्लास्ट मुंबई हमलों से पहले हुए थे और इस मामले में भारत ने किसी को भी सजा नहीं दी है। भारत की ओर से वादा किए जाने के बाद भी भारत ने किसी भी तरह की जांच या इस मामले पर आए निष्कर्ष को पाक के साथ साझा करना भी जरूरी नहीं समझा।
शांति की जिम्मेदारी भारत पर
असलम ने भारत पर आरोप लगाने का सिलसिला जारी रखा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में अगर शांति वार्ता पटरी से उतरी है तो इसकी सारी जिम्मेदारी भारत पर है। शांति के लिए पाक हमेशा कोशिशें करता रहा है लेकिन भारत ने अगस्त में होने वाली विदेश सचिव स्तर की वार्ता को कैंसिल कर पाक की कोशिशों को असफल कर डाला। असलम के मुताबिक अब भारत को ही पहल करनी होगी।












Click it and Unblock the Notifications