हिंदू मंदिर तोड़फोड़ मामला: पाकिस्तान में 50 लोग गिरफ्तार, मंदिर की मरम्मत का काम शुरू
लाहौर, 07 अगस्त: पड़ोसी देश पाकिस्तान में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के लोगों के साथ कैसा व्यवहार होता है ये तो पूरा भारत अच्छे से जानता है। वहां रोजाना किसी ना किसी जुल्म का हिंदुओं को सामना करना पड़ता है। हाल ही में पाकिस्तान में मंदिर में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया था, जिसमें बहुसंख्यक लोग मंदिर में जमकर तोड़फोड़ कर रहे थे और लाठी-डंडों से मंदिर में भगवान की मूर्तियों को नुकसान पहुंचाया था। अब इस मामले में 50 लोग को गिरफ्तार किया है, साथ ही 150 से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

पाकिस्तान की राजधानी लाहौर से 590 किलोमीटर दूर रहीम यार खान जिले में गणेश मंदिर में तोड़फोड़ का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसके बाद पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस पूरे मामले में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमले में शामिल हर संदिग्ध को गिरफ्तार किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार मंदिर की मरम्मत का काम भी शुरू हो गया है।
इधर, पंजाब के मुख्यमंत्री उस्मान बुजदार ने ट्वीट करते हुए बताया कि रहीम यार खान के एक मंदिर में एक शर्मनाक तोड़फोड़ की घटना में वीडियो फुटेज के के बाद अब तक 50 से अधिक संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। हम सुनिश्चित करेंगे कि ऐसी कोई घटना भविष्य में न हो। इसके अलावा, मंदिर के जीर्णोद्धार का काम पूरी गति से चल रहा है।
आपको बता दें कि पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को हमले को रोकने में विफल रहने के लिए अधिकारियों की खिंचाई की और दोषियों की गिरफ्तारी का आदेश दिया था। यह देखते हुए कि इस घटना ने विदेशों में भी पाकिस्तान की छवि को खराब किया है। पाकिस्तान के चीफ जस्टिस गुलजार अहमद ने कहा कि मंदिर में तोड़फोड़ से देश को शर्मिंदगी उठानी पड़ी, क्योंकि पुलिस ने मूकदर्शक की तरह काम किया।
इससे पहले भारत ने गुरुवार को नई दिल्ली में पाकिस्तानी प्रभारी को तलब किया और इस निंदनीय घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए और पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों और उनके धार्मिक पूजा स्थलों की धार्मिक स्वतंत्रता पर जारी हमलों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया था। गौरतलब है कि पाकिस्तान में हिंदुओं का सबसे बड़ा अल्पसंख्यक समुदाय है। आधिकारिक अनुमान के मुताबिक पाकिस्तान में 75 लाख हिंदू रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications