मॉडलिंग और डांस में करियर बनाना चाहती थी बहन, भाई ने गोली मार कर दी हत्या!
इस्लामाबाद, मई 06। पाकिस्तान के लाहौर के पास एक इलाके से ऑनर किलिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक भाई ने कथित रूप से अपनी 21 साल की बहन की हत्या सिर्फ इस वजह से कर दी कि वो मॉडलिंग और डांसिंग में अपना करियर बनाना चाहती थी। जानकारी के मुताबिक, युवक ने अपनी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी।

युवती के काम को लेकर होता था झगड़ा
NDTV की खबर के मुताबिक, प्रांतीय राजधानी लाहौर से 130 किलोमीटर दूर रेनाला खुर्द ओकारा की रहने वाली सिदरा मॉडलिंग करती थी। सिदरा कपड़ों के एक ब्रांड के लिए मॉडलिंग का काम करती थी। उसके इस काम में परिवार की मर्जी नहीं थी और इसी बात को लेकर अक्सर उसका परिवार के लोगों से झगड़ा होता रहता था। मॉडलिंग के अलावा सिदरा फैसलाबाद शहर के सिनेमाघरों में डांस भी करती थी।
सिदरा के माता-पिता उसके इस काम के खिलाफ थे। उन्होंने सिदरा के काम को 'पारिवारिक परंपरा' के खिलाफ बताते हुए उससे इस काम को छोड़ने के लिए कहा था, लेकिन सिदरा अपने काम को जारी रखती थी। पुलिस ने कहा कि सिदरा पिछले हफ्ते अपने परिवार के साथ ईद मनाने के लिए फैसलाबाद से घर आई थी।
गुरुवार को उसके माता-पिता और भाई हमजा ने उसके पेशे में शालीनता के मुद्दे पर उसके साथ बहस की और डांस करने के लिए मना किया, लेकिन सिदरा नहीं मानी तो हमजा ने उसे पीटा। बाद में हमजा ने कथित तौर पर सिदरा के सिर पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है।












Click it and Unblock the Notifications