पाकिस्तान चुनाव नतीजे 2018: 'तालिबान' इमरान खान 'लेडी तालिबान' शीरीन मजारी को बनाएंगे देश की पहली महिला रक्षा मंत्री!
पाकिस्तान में 11वें आम चुनावों के नतीजे आने के बाद साफ हो गया है कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के चेयरमैन इमरान खान देश के अगले प्रधानमंत्री होंगे। इमरान की कैबिनेट कैसी होगी, इसका भी एक अंदाजा पाक मीडिया की ओर से लगाया गया है।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में 11वें आम चुनावों के नतीजे आने के बाद साफ हो गया है कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के चेयरमैन इमरान खान देश के अगले प्रधानमंत्री होंगे। इमरान की कैबिनेट कैसी होगी, इसका भी एक अंदाजा पाक मीडिया की ओर से लगाया गया है। पाक मीडिया की ओर से दी गई खबरों के मुताबिक इमरान की कैबिनेट में रक्षा मंत्री जैसे सबसे अहम पद की जिम्मेदारी पहली बार एक महिला को देने की तैयारी है। जियो न्यूज की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक पीटीआई की सांसद शीरीन मजारी देश की पहली महिला रक्षा मंत्री हो सकती हैं। गुरुवार को आए नतीजों में इमरान की पार्टी इन चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।

कौन हैं शीरीन माजरी
शीरीन महरुनिंसा मजारी साल 2008 में पीटीआई में शामिल हुई थीं और साल 2013 में पंजाब से नेशनल एसेंबली के लिए चुनी गई थीं। वह पीटीआई की चीफ व्हिप के तौर पर काम कर चुकी हैं। मजारी लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ाई की और इसके बाद कोलंबिया यूनिवर्सिटी से पीएचडी की डिग्री हासिल की। मजारी इस्लामाबाद स्थित कैद-ए-आजम यूनिवर्सिटी में एसोसिएट प्रोफेसर भी रह चुकी हैं। इसके बाद वह इसी यूनिवर्सिटी के स्ट्रैटेजिक स्टडीज डिपार्टमेंट की हेड बनीं। इसके बाद मजारी सरकारी सहायता प्राप्त इंस्टीट्यूट ऑफ स्ट्रैटेजिक स्टडीज की हेड बनीं। साल 2008 में में उन्हें इस पद से हटा दिया गया और साल 2009 में वह पाक के जाने-माने अखबार द नेशन की एडीटर बनीं।

इमरान 'तालिबान खान' तो मजारी 'लेडी तालिबान'
मजारी ने साल 2012 में पीटीआई को छोड़ दिया और साल 2013 में वह फिर से इस पार्टी का हिस्सा बनीं। अगर पीटीआई के चेयरमैन इमरान खान को 'तालिबान खान' कहते हैं तो उनकी होने वाली रक्षा मंत्री मजारी को 'लेडी तालिबान' कहा जाता है। पाकिस्तान की राजनीति पर उनके विचारों की वजह से उन्हें यह नाम दिया गया। साल 2009 में उन्हें उनकी ही पार्टी की ओर से गलत और झूठे बयान मीडिया में देने की वजह से नोटिस दिया गया था। पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की सरकार में रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक बार उन्हें नेशनल एसेंबली में जारी सत्र के बीच 'ट्रैक्टर ट्रॉली' कहकर संबोधित किया था और इस पर काफी विवाद हुआ था।
क्या सोचती हैं कश्मीर पर
गुरुवार को जीत के बाद इमरान खान ने बयान दिया कि अगर भारत शांति वार्ता के लिए एक कदम बढ़ाएगा तो पाकिस्तान दो कदम बढ़ेगा। शीरीन इस मामले में अपने नए पीएम की बात का समर्थन करती हुई नजर आती हैं। शीरीन ने गुरुवार को ट्वीट किया और उन्होंने कश्मीर को एक अहम मुद्दा बताते हुए इस पर जारी संघर्ष को हल करने की बात कही। शीरीन ने लिखा कि पाकिस्तान शांति चाहता है लेकिन बातचीत के जरिए न कि विरोध के जरिए जो भारत करता आ रहा है। साथ ही अफगान पॉलिसी का भी जिक्र किया और कहा कि अमेरिकी नीति ऐसी होनी चाहिए जिसमें स्पष्टता हो और दूरदर्शिता हो।












Click it and Unblock the Notifications