दिवाली के मौके पर सिंध के मुख्यमंत्री ने दे दी होली की बधाई, फजीहत होने पर डिलीट किया ट्वीट
नई दिल्ली, 5 नवंबर: हिंदू धर्म का सबसे खास त्योहार दीपावली 4 नवंबर को पूरी दुनिया में धूमधाम से मनाया गया। साथ ही दुनिया की कई बड़ी हस्तियों ने बधाई संदेश सोशल मीडिया पर पोस्ट किए। इस दौरान पाकिस्तान के सिंध प्रांत के मु्ख्यमंत्री ने ऐसा काम किया, जिससे उनकी इंटरनेशनल लेवल की बेज्जती हुई। हालांकि माहौल को देखते हुए वो सोशल मीडिया से कुछ ही देर में 'गायब' हो गए।

पोस्टर की वजह से ट्रोल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दिवाली के दिन अंतरराष्ट्रीय नेताओं ने जब पोस्ट डालकर शुभकामना संदेश दिए, तो सिंध प्रांत के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह का भी मन ऐसा करने का हुआ। इसके बाद वो तुरंत एक फोटो डालते हुए, दिवाली की शुभकामनाएं देने लगे, लेकिन उनसे एक बड़ी गलती हो गई। जिसके बाद उन्हें जमकर ट्रोल किया गया। हालांकि माहौल गरमाता देख उन्होंने पोस्ट डिलीट कर दिया।

होली का पोस्ट किया
दरअसल सीएम ने जो फोटो डाली वो दिवाली की नहीं बल्कि होली की थी। उस पर साफ शब्दों में हैप्पी होली लिखा भी था, साथ ही सीएम के आसपास रंग भी दिखाए गए। इस पर वो अपने देश के लोगों के निशाने पर आ गए। पाकिस्तानी पत्रकार मुर्तजा सोलंगी ने डिलीट हुए ट्वीट का स्क्रीनशॉट शेयर किया। साथ ही लिखा कि पाकिस्तान में सिंध में हिंदू आबादी सबसे अधिक है, जहां हिंदू बहुसंख्यक हैं। अगर सीएम हाउस सिंध के कर्मचारियों को दिवाली और होली के बीच का अंतर नहीं पता है, तो ये वास्तव में दुखद स्थिति है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने भी मनाई दिवाली
वहीं दुनियाभर में दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। अमेरिका के राष्ट्रपति भवन में बकायदा दिवाली पर खास तैयारियां की गई थीं, जहां रंगोली के साथ दीपक जलाए गए। राष्ट्रपति बाइडेन ने अपने ट्विटर हैंडल से इसकी तस्वीरें भी साझा कीं। जिसमें उनके साथ उनकी पत्नी भी मौजूद थीं। उनके अलावा अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस, इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट, श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे समेत कई नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए शुभकामनाएं दीं।












Click it and Unblock the Notifications