पाकिस्तान में अब प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति नहीं कर सकते हैं फर्स्ट क्लास में हवाई यात्रा, जानें क्यों
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में प्रधानमंत्री इमरान खान की सरकार ने शुक्रवार को देश के टॉप ऑफिसर्स समेत राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के फर्स्ट क्लास एयर ट्रैवेल को बैन कर दिया है। इमरान की कैबिनेट की ओर से शुक्रवार को हुई मीटिंग में यह फैसला लिया गया है। इमरान ने चुनावों से पहले जनता से खर्चों में कमी लाने का वादा किया था। यह फैसला उसी वादे को पूरा करने के लिए लिया गया है। इमरान खान ने 18 अगस्त को पाक के 22वें प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली है और यह उनकी कैबिनेट का पहला बड़ा फैसला है। ये भी पढ़ें-एक रीडआउट को लेकर बढ़ रहा है पाकिस्तान-अमेरिका के बीच तनाव

एक हफ्ते में कैबिनेट की दूसरी मीटिंग
पाकिस्तान के अखबार डॉन की ओर से जानकारी दी गई है कि फर्स्ट क्लास एयर ट्रैवेल पर फैसला एक हफ्ते के अंदर हुई कैबिनेट की दूसरी मीटिंग के अंदर लिया गया। साथ ही इस फैसले का प्रस्ताव खुद पीएम इमरान खान ने ही दिया था। मीटिंग के दौरान फैसला लिया गया कि देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, चीफ जस्टिस, सीनेट चेयरमैन, नेशनल एसेंबली के स्पीकर और मुख्यमंत्रियों को अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स में फर्स्ट क्लास में सफर करने की सुविधा नहीं दी जाएगी। इन सभी लोगों को अब बिजनेस क्लास या फिर क्लब क्लास में ही सफर करना पड़ेगा।

तीन गुना ज्यादा फर्स्ट क्लास का किराया
इस फैसले के पीछे जो वजह बताई गई उसमें कहा गया कि पाकिस्तान से संचालित होने वाली फ्लाइट्स में फर्स्ट क्लास की सुविधा नहीं है और विदेशी एयरलाइंस इस श्रेणी के लिए किराया लेती है जो कि बिजनेस या फिर क्लब क्लास की तुलना में तीन गुना ज्यादा होता है। बताया जा रहा है कि इमरान खान ने खुद विदेश जाने पर बिजनेस क्लास का टिकट लेने का फैसला किया है और वह अपने स्पेशल प्लेन से भी सफर नहीं करेंगे। उनका प्लेन उनके देश में होने वाले सफर के लिए प्रयोग में लाया जाएगा।

खराब अर्थव्यवस्था की वजह से फैसला
जहां कैबिनेट ने फर्स्ट क्लास में सफर की सुविधा बंद कर दी है तो वहीं सरकारी विभागों में वर्किंग डेज को पांच से बढ़ाकर छह करने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया। इस प्रस्ताव को उत्पादकता बढ़ाने के मकसद से पेश किया गया था लेकिन इसे खारिज कर दिया गया। वर्किंग डेज की संख्या को बढ़ाने की जगह सरकारी ऑफिसों में काम के घंटों को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक की बजाय नौ से पांच बजे तक का कर दिया गया है। 25 जुलाई को चुनावों में इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी थी। इमरान ने वादा किया था कि देश की अर्थव्यवस्था को देखते हुए उनकी सरकार खर्चें में कमी करेगी।












Click it and Unblock the Notifications