सैकड़ों पाकिस्तानियों ने महिला टिकटॉकर के कपड़े फाड़े, जानिए पीड़ित ने क्या कहा
लाहौर, 18 अगस्त: सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की एक महिला के के कई खौफनाक वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें सैकड़ों लोग उसे नोंचने-खसोटने में लगे हुए हैं। एक साथ बड़ी तादाद में पुरुष उस महिला को बुरी नीयत से पकड़ रहे हैं, कपड़े फाड़ रहे हैं और उसे एक-दूसरे के बीच खींचने की कोशिश कर रहे हैं। पीड़ित महिला टिकटॉकर है और टिकटॉक वीडियो की वजह से ही मशहूर है। भीड़ ने उसकी पिटाई भी की है और उसकी जूलरी, फोन और कैश भी लूट लिए हैं। महिला का आरोप है कि करीब 400 लोगों ने सरेआम उसपर हमला करके उसे निर्वस्त्र कर दिया। पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली है।

पाकिस्तानियों ने महिला टिकटॉकर के कपड़े फाड़े
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा इस महिला का वीडियो ऐसा है, जिसे हमने अपनी जिम्मेदारी समझते हुए वनइंडिया पर नहीं लगाने का फैसला किया है। घटना पाकिस्तान के बड़े शहर लाहौर की है और वह भी 14 अगस्त की, जिस दिन पाकिस्तान अपनी आजादी का 75वां वर्ष मना रहा था। यह घटना को ट्विटर पर शेयर करने के लिए हैशटैग मीनारपाकिस्तान और हैशटैग 400 मेन का जमकर इस्तेमाल किया गया है। महिला के खिलाफ इस तरह की हिंसा पर सोशल मीडिया हैरानी जता रहा है। वीडियो से आवाजें आ रही हैं उससे अंदाजा लगता है कि मंजर कितना खतरनाक था। अकेली महिला भीड़ के आगे बेबस थी और लोग हैवानियत की सारी हदें पार कर रहे थे।

मुझे निर्वस्त्र कर दिया गया- पीड़ित
बाद में महिला ने पुलिस में जो शिकायत दर्ज कराई है, उसमें आरोप लगाया गया है कि करीब 400 लोगों की भीड़ ने उसपर और उसके दोस्तों पर तब हमला कर दिया, जब वह 14 अगस्त को पाकिस्तान के मीनार ए पाकिस्तान के पास एक वीडियो फिल्माया रहे थे। यह जानकारी स्थानीय मीडिया ने दी है। एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने महिला के हवाले से कहा है कि भीड़ ने उसे उठा लिया और उसे हवा में उछालना शुरू कर दिया। उसने आरोप लगाया है कि 'मुझे निर्वस्त्र कर दिया गया और मेरे कपड़े फाड़कर अलग कर दिए गए।' महिला ने यह भी कहा कि वह मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन उसे बचाने के लिए कोई नहीं आया।

महिला के पैसे-जूलरी-फोन लूट लिए
पीड़िता का आरोप है कि भीड़ में कुछ अज्ञात लोगों ने उसके सोने की जूलरी भी जबर्दस्ती ले ली और मोबाइल फोन और कैश भी छीन लिए। मारिया अमीर ने डॉन में लिखा है कि अपने भ्रष्ट हो चुके समाज के सच्चाई की इससे बड़ा उदाहरण कोई नहीं हो सकता। उन्होंने कहा है कि यह सोचना भी मुश्किल है कि कैसे आजादी की बातें महिलाओं की कीमत पर सिर्फ मर्दों के लिए रह गई हैं। हम लैंगिक भेदभाव की मानसिकता में जी रहे हैं।

'पाकिस्तान में महिलाओं की स्थिति चिंताजनक'
पुलिस शिकायत के मुताबिक वारदात लाहौर के ग्रेटर इकबाल पार्क इलाके की है, जो कि लॉरी अड्डा पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई है। पाकिस्तान में मानवाधिकार की क्या स्थिति है, यह 2020 में पाकिस्तान मानवाधिकार आयोग की ओर से जारी रिपोर्ट से पता चलता है, जिससे वहां महिलाओं की स्थिति का थोड़ा-बहुत अंदाजा लग सकता है। रिपोर्ट में बताया गया है कि पाकिस्तान में महिलाओं की स्थिति चिंताजनक है। महिलाओं के खिलाफ अपराध में यौन हिंसा से लेकर, घरेलू हिंसा तक शामिल हैं और यह स्थिति पूरे पाकिस्तान में है। (ट्विटर के वीडियो ग्रैब से)












Click it and Unblock the Notifications