पाकिस्तान में सोने की कीमतों ने बनाया रिकॉर्ड, 10 ग्राम की कीमत एक लाख के पार
नई दिल्ली: पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पहले से ही पटरी से उतरी हुई थी। अब कोरोना वायरस ने वहां का हाल और खराब कर दिया है। जिस वजह से पाकिस्तान में महंगाई आसमान छू रही और सोने की कीमतों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। गुरुवार को वहां पर सोने का दाम 1,05,200 पाकिस्तानी रुपये प्रति तोला (10 ग्राम) रहा। सोने की कीमतों को देखकर आप अंदाजा लगा सकते हैं कि अब पाकिस्तान में सोना खरीदना आम आदमी के बस की बात नहीं रह गई है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार से नहीं हो रहा भुगतान
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक दुनियाभर की अर्थव्यवस्था कोरोना वायरस से प्रभावित है। जिस वजह से पाकिस्तानी रुपया लगातार कमजोर होता जा रहा है। इसका सीधा असर महंगाई पर पड़ रहा है। वहीं सर्राफा कारोबारियों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ रही कीमतों का साफ असर घरेलू बाजार पर दिख रहा है। उनके यहां से कई देशों में सोने का निर्यात किया गया था, लेकिन अभी तक उसका भुगतान नहीं हो पाया है। इससे पहले 24 जून को भी सोने की कीमतों ने रिकॉर्ड तोड़ा था, उस दौरान प्रति तोले की कीमत 1,05,100 रुपये थी, लेकिन गुरुवार का दाम अभी तक का उच्चतम है।
Recommended Video

टैक्स से जनता परेशान
पाकिस्तानी सर्राफा व्यापारियों के मुताबिक मार्केट की हालत पहले से खराब थी। इस बीच फेडरल बोर्ड ऑफ रेव्यू ने सोने की ज्वेलरी पर भारी भरकम टैक्स जड़ दिया। जिस वजह से डिमांड में तेजी से कमी आई है। मौजूदा वक्त में कई व्यापारियों ने तो अपनी दुकानों को बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर अर्थव्यवस्था में गिरावट जारी रही और सरकार ने वक्त रहते सही फैसला नहीं लिया, तो भविष्य में हालात और गंभीर हो जाएंगे। वहीं सोना व्यापारी अब इमरान सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर रहे हैं।

भारत में क्या है हाल?
भारत में बुधवार को सोने की कीमत 48980 भारतीय रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गई थी, लेकिन उच्चतम स्तर पर पहुंचने के अगले ही दिन सोने की कीमत में बड़ी गिरावट आई। गुरुवार को सोने की कीमत 396 रुपये की गिरावट के साथ 48490 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट के मुताबिक आज 99.6 फीसदी शुद्धता वाले सोने की कीमत 48490 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गई। वहीं 99.5 फीसदी शुद्धता वाले 23 कैरेट सोने का भाव 48296 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया, जबकि 22 कैरेट वाला सोना 44,417 रुपये प्रतिग्राम बिक रहा है।


Click it and Unblock the Notifications
