सीडीएस बिपिन रावत के हेलीकॉप्टर क्रैश पर पाकिस्तान का बड़ा शिगूफा, राजीव गांधी हत्याकांड से कैसे जोड़ा, सुनिए
नई दिल्ली,14 दिसंबर: पाकिस्तान की ओर से शुरू में तमिलनाडु में हुए सीडीएस बिपिन रावत के हेलीकॉप्टर दुर्घटना पर बहुत ही सधी हुई प्रतिक्रिया आई थी। लेकिन, अब पाकिस्तान के पूर्व आंतरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक ने इसको लेकर बहुत बड़ी साजिश का शिगूफा छोड़ दिया है। रहमान मलिक ने इस दुर्घटना में तमिल टाइगरों के हाथ होने की आशंका जता दी है। उन्होंने यहां तक दावा कर दिया है कि इसके पीछे भारतीय सेना के आंतरिक मतभेद भी हो सकता है। मलिक ने ऐसी-ऐसी बातें की हैं, जिसमें तथ्यों की जगह भारत-पाकिस्तान संबंधों के मद्देनजर मजाकिया ज्यादा लग रहा है। खबर के अंत में यह दिलचस्प इंटरव्यू जरूर सुनिए।

हेलीकॉप्टर हादसे पर पाकिस्तान का शिगूफा
पाकिस्तान ने सीडीएस बिपिन रावत के हेलीकॉप्टर क्रैश को लेकर बहुत बड़ा शिगूफा छोड़ा है। पाकिस्तान के पूर्व इंटीरियर मंत्री और सीनेटर रहमान मलिक ने तमिलनाडु में कुन्नूर के पास हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना को लेकर साजिश की आशंका जताई है। सबसे बड़ी बात ये है कि उनका इशारा तमिल टाइगर्स की ओर है, जिसका मौजूदा वक्त में कोई वजह नहीं दिखता। उन्होंने एक पाकिस्तानी चैलन को दिए इंटरव्यू में इस घटना को लेकर साजिश के बारे में ऐसी-ऐसी बातें रखी हैं, जो हैरान करने वाला तो है ही, साथ ही यह भी साबित होता है कि जनरल बिपिन रावत और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल जैसे अधिकारियों को लेकर पाकिस्तान के लोगों में किस तरह का खौफ बैठा हुआ है।

रहमान मलिक ने किए सनसनीखेज दावे
रहमान मलिक ने पाकिस्तानी न्यूज चैनल से कहा है, "पाकिस्तान के खिलाफ रणनीति में सिर्फ अजीत डोभाल ही नहीं, बल्कि इनका (जनरल रावत) भी रोल था। बहुत से मुल्कों के साथ बैकडोर चैनल कोई काम करता था तो वे बिपिन साहब करते थे।" लगता है कि रहमान मलिक कोई सपना देखकर जागे हैं। इसलिए उन्हें भारतीय सशस्त्र सेना में उच्च स्तर पर मनमुटाव की भी भनक लग रही है। उन्होंने ऐसी-ऐसी बातें कही हैं, जिसपर हंसने के अलावा और कोई उपाय नहीं है। वो कहते हैं, "बिपिन साहब काफी नजर में आ चुके थे। इस वक्त के आर्मी चीफ के साथ अनबन चल पड़ी.....अंदर मनमुटाव है.... और मोदी के लिए मसला ये है कि वो उसको (सीडीएस रावत) ज्यादा पसंद करते थे। वे नहीं चाहते थे कि वो रिटायर हों। उन्होंने उठा के इसे चीफ ऑफ डिफेंस बना दिया। इस वक्त के आर्मी चीफ के साथ मोदी साहब के ताल्लुकात इतने अच्छे नहीं हैं। लेकिन, मेरी अंदरूनी जानकारी है कि अमित शाह के साथ उसके बहुत अच्छे ताल्लुकात हैं।"

पीएम मोदी के 'तख्तापलट' की भी आशंका जताई!
रहमान मलिक नेता बनने से पहले पाकिस्तान की फेडरल इंवेस्टिगेशन एजेंसी के अधिकारी भी रह चुके हैं। लेकिन, वह भारत के मसलों के बारे में जो जानकारी दे रहे हैं, उससे लगता है कि वह तथ्यों पर कम और बाकी पाकिस्तानी नेताओं की तरह उलूल-जुलूल बयानबाजी में ही ज्यादा दिलचस्पी रखते हैं। इंटरव्यू में एक जगह वह बोलते हैं कि "इस वक्त जो आर्मी चीफ है, वह अगर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बन जाता है, तो मुझे लगता है कि मोदी का तख्ता उठने में बहुत कम दिन लगेंगे।......"

राजीव गांधी हत्याकांड से चॉपर क्रैश का कनेक्शन !
इसके बाद उन्होंने सबसे बड़ा शिगूफा यह छोड़ा कि हेलीकॉप्टर हादसे को तमिल टाइगर्स से जोड़ने की कोशिश की है और इसे राजीव गांधी हत्याकांड से भी जोड़ दिया। उन्होंने तर्क दिया कि राजीव की भी वहीं हत्या हुई थी और यह हेलीकॉप्टर हादसा भी तमिलनाडु में ही हुआ है। उन्होंने कहा है, "बिपिन (रावत) ने तमिलनाडु के साथ ठीक-ठाक बर्ताव नहीं किया था। तो वे इस ताक में बैठे हुए थे कि मौका मिले तो कुछ करके दिखाएंगे......" वे आगे बोले, "अगर वे आज कहें कि तमिलनाडु ने मारा है, जो वह स्टेट वहां पर कर रही है निर्दयता कश्मीर से कम है, लेकिन हैं। राजीव गांधी को मारने वाला कौन था.....वही इलाका था ना....वही लोग थे...आपको पता है कि तमिलनाडु (तमिल) लोग जो हैं, उनका श्रीलंका में क्या था....तमिलनाडु (तमिल) जो है वो एक आजादी चाहते हैं। अगर ये कह देते हैं कि उनके चीफ (सीडीएस) को तमिलनाडु ने मारा है तो इसका मतलब ये तो हार गए ना.....ये अपने चीफ ऑफ डिफेंस को नहीं बचा सके....तो और किसको क्या बचाएंगे....."
'प्लान बनाया गया तमिलनाडु के साथ'
इस वीडियो को पत्रकार नायला इनायत ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया है। उन्होंने कैप्शन में लिखा था- 'प्लान बनाया गया तमिलनाडु के साथ।' 'साजिश की बातें हैं......' भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और भारतीय सेना और वायुसेना के 11 जवान और अधिकारी पिछले 8 दिसंबर को तमिलनाडु के कुन्नूर के पास नीलगिरी के जंगलों में हुए हेलीकॉप्टर हादसे की चपेट में आ गए थे। इंडियन एयरफोर्स का हेलीकॉप्टर एमआई-17वी5 अचानक धुंध में गायब होने के बाद क्रैश हो गया था। इस दुर्घटना में वायुसेना के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह बुरी तरह से घायल हो गए थे, जिनका इलाज अभी भी बेंगलुरु के आर्मी अस्पताल में चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications