पाकिस्तान को ट्रंप ने दिखाया आईना, बोले ये पैसे लेते हैं और हमारे लिए कुछ भी नहीं करते
नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से पाकिस्तान को आईना दिखाया है। ट्रंप ने पाकिस्तान पर हमला बोलते हुए कहा कि हमे ओसामा बिन लादेन को बहुत पहले ही पकड़ लेना चाहिए था। मैंने उसके बारे में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हमले से पहले जिक्र किया था। लेकिन राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने उसपर ध्यान नहीं दिया था। हमने पाकिस्तान को लाखों डॉलर दिए लेकिन इन लोगों ने हमे कभी नहीं बताया कि लादेन उनके देश में रह रहा है। बेवकूफ!

ओसामा की जानकारी नहीं दी
ट्रंप ने कहा कि अब हम पाकिस्तान को लाखो डॉलर नहीं देंगे क्योंकि ये लोग हमारे पैसे को भी लेंगे और हमारे लिए कुछ करेंगे भी नहीं, ओसामा बिन लादेन इसका उदाहरण है, अफगानिस्तान दूसरा उदाहरण है। पाकिस्तान ऐसे कई देशों में से एक है जो अमेरिका से पैसे लेता है और बदले में उसे कुछ नहीं देता है, लेकिन अब यह बंद हो रहा है, हम पाकिस्तान को पैसे नहीं देंगे। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब पाकिस्तान पहे से ही आतंकवाद को लेकर काफी दबाव में है।
इमरान खान ने किया पलटवार
वहीं डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने उनपर पलटवार किया है। खान ने कई ट्वीट करके ट्रंप पर पलटवार करते हुए कहा सितंबर 2001 में न्यूयॉर्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए हमले में पाकिस्तान की कोई भूमिका नहीं थी। यही नहीं खान ने कहा कि अफगानिस्तान के साथ चले युद्ध में उन्हे काफी ज्यादा आर्थिक और सैन्य क्षति का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में अमेरिका आतंकवाद को रोकने में विफल रहा और उसने पाकिस्तान को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।
गिनाया पाक का नुकसान
इमरान ने कहा कि 9/11 में कोई भी पाकिस्तानी शामिल नहीं था, हमने आतंकवाद के खिलाफ अमेरिका की लड़ाई में साथ दिया, पाकिस्तान को 123 मिलियन डॉलर और 75000 लोगों की मौत का सामना करना पड़ा। जबकि अमेरिका ने महज 20 मिलियन डॉलर कि आर्थिक मदद दी, जोकि कुछ नहीं है। हमारे आदिवासी इलाके पूरी तरह से बर्बाद हो गए, लाखो लोग बेघर हो गए। युद्ध की वजह से आम पाकिस्तानी नागरिकों के जीवन पर भी इसका असर पड़ा।
आखिर क्यों तालिबान पहले से मजबूत
ट्रंप पर निशाना साधते हुए इमरान खान ने कहा कि हमपर आरोप लगाने की बजाए अमेरिका को गंभीरता से यह सोचना चाहिए कि आखिर क्यों 140000 नाटो के जवान, 250000 अफगान जवानों और 1 ट्रिलियन डॉलर खर्च करने के बाद भी तालिबान आज पहले से ज्यादा मजबूत है। फॉक्स न्यूज को दिए साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान हमारे लिए कुछ भी नहीं करता है। उन्होंने अपनी सरकार के उस फैसले का भी बचाव किया जिसमे पाक को दिए जानी वाली आर्थिक मदद को रोक दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications