पाक के कुर्रम एजेंसी में ब्लास्ट से 20 लोगों की मौत, 50 लोग घायल
पाकिस्तान के कुर्रम वैली में शनिवार को एक बाजार में ब्लास्ट के बाद 20 लोगों की मौत। करीब 50 लोग हैं घायल।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के अशांत उत्तर पश्चिमी क्षेत्र कुर्रम एजेंसी में भीड़भाड़ वाली सब्जी मंडी में शनिवार को एक ब्लास्ट हुआ। इस ब्लास्ट में कम से कम 20 लोग मारे गए और करीब 50 अन्य घायल हुए हैं।

सब्जी के टोकरे में था एक्सप्लोसिव
अधिकारियों ने बताया कि ब्लास्ट अफगान सीमा के पास स्थित कुर्रम एजेंसी इलाके में प्रशासनिक मुख्यालय पराचिनार के ईदगाह बाजार स्थित भीड़भाड़ वाली सब्जी मंडी में हुआ। अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट से पता चलता है कि एक्सप्लोसिव को सब्जी के टोकरे में छिपाया गया था। सब्जियों की बिक्री के दौरान ही इसमें ब्लास्ट हो गया, जिससे 20 लोग मारे गए और 50 अन्य घायल हो गए।
वर्ष 2015 में भी हुआ था ब्लास्ट
घायलों को पराचिनार मुख्यालय के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों और मेडिकल सुविधाओं की कमी है। इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) द्वारा जारी एक बयान में बताया गया कि सब्जी मंडी में सुबह आठ बजकर 50 मिनट पर आईईडी विस्फोट हुआ। बयान में कहा गया कि सेना और एफसी क्विक रिस्पांस के अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। घायलों को चिकित्सा सुविधा पहुंचाने के लिए सेना का हेलीकॉप्टर रवाना किया गया।' इस जगह पर ही वर्ष 2015 में भी ब्लास्ट हुआ था। उस समय 25 लोगों की मौत हो गई थी। उस ब्लास्ट की जिम्मेदारी लश्कर-ए-झांगवी अल अलमी और अंसारुल मुजाहिदीन ने ली थी।












Click it and Unblock the Notifications