कोरोना वायरस: UAE में गई 10,000 पाकिस्तानियों की नौकरी, दुबई में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
इस्लामाबाद। कोरोना वायरस की सबसे ज्यादा मार उन पाकिस्तानी नागरिकों पर पड़ी है जो संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई में रहते हैं। यहां से पाकिस्तानी नागरिकों के लिए एक बुरी खबर आई है और करीब 10,000 पाक नागरिकों की नौकरियां महामारी की वजह से चली गई हैं। आपको बता दें कि दुनिया में कोविड-19 की वजह से सब-कुछ लॉकडाउन है और अर्थव्यवस्था चौपट हो चुकी है।

दुबई में घर जाने के लिए विरोध प्रदर्शन
दुबई स्थित पाकिस्तानी काउंसल जनरल की तरफ से बुधवार को जानकारी दी गई कि करीब 10,000 पाकिस्तानी नागरिकों की नौकरी यूएई में कोरोना वायरस की वजह से चली गई है। वहीं 35,000 पाकिस्तानियो ने दुबई के कॉनसुलेट में घर वापस आने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। दुबई में पाक के काउंसल जनरल अहमद अमजद अली की तरफ से यह जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया है कि यहां पर फंसे पाकिस्तानी नागरिकों को वापस लाने के लिए तैयारियां जारी हैं। पाकिस्तान के सिविल एविएशन मिनिस्टर गुलाम सरवर खान ने न्यूज चैनल से बातचीत के दौरान कहा कि वह विदेश में फंसे पाकिस्तानियों को वापस लाने के लिए तीन कैटेगरी पर काम कर रहे हैं। पहली कैटेगरी में वे पाकिस्तानी हैं जो पर्यटन या व्यावसायिक वीजा पर विभिन्न देशों में गए हैं और बाद में उड़ानें रद्द होने की वजह से फंस गए हैं और उनके वीजा की अवधि समाप्त हो गई है या होने वाली है।
यूएई सरकार की मंजूरी का इंतजार
दूसरी कैटेगरी उन छात्रों की है, जो अलग-अलग देशों की यूनिवर्सिटीज में पढ़ रहे हैं, लेकिन मौजूदा हालात में एक तरफ यूनिवर्सिटी बंद है तो वहीं लॉकडाउन की वजह से उनको परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तीसरी श्रेणी में ऐसे लोग हैं जो विदेश में रहते हैं और पाकिस्तान आना चाहते हैं। दूसरी ओर यूएई में नौकरी गंवाने वालों ने पाकिस्तानी नागरिकों ने पाकिस्तान के दूतावास के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया है। उन्होंने मांग की है कि उन्हें स्पेशल प्लेन से पाकिस्तान वापस भेजा जाए। दूतावास की तरफ से उन्हें जानकारी दी गई है कि इस संबंध में सरकार को एक संदेश भेज दिया गया है और यूएई की तरफ से मंजूरी मिलने के बाद विमान भेजा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications