सिंगापुर से महिला का पीछा कर नोएडा पहुंचा युवक, बोला मेरे शरीर में उसके पति की आत्मा
नोएडा। नोएडा पुलिस के सामने एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां की रहने वाली एक महिला ने शिकायत की है कि एक युवक उसका सिंगापुर से पीछा करता हुआ यहां तक चला आया, जिस कारण उसका घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है। वहीं आरोपी युवक का कहना है कि उसके शरीर में महिला के मृत पति की आत्मा है, जिस कारण वह यहां तक चला आया। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।

11 साल पहले हुई थी महिला के पति की मौत
जानकारी के अनुसार, कोतवाली सेक्टर-49 क्षेत्र की सोसायटी में रहने वाली एक महिला अपने पति के साथ सिंगापुर में रहती थी। करीब 11 साल पहले सिंगापुर में एक हेलीकॉप्टर क्रैश होने के हादसे में उसके पति की मौत हो गई थी। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि 2009 में कुलदीप सिंह नाम के युवक से उसकी सिंगापुर में ही सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती हुई। इसके बाद से दोनों एक-दूसरे से मिलते रहे लेकिन कुछ साल पहले दोनों में बातचीत बंद हो गई।

नोएडा में आकर रहने लगी थी महिला
महिला ने बताया कि वह सिंगापुर छोड़कर नोएडा आकर रहने लगी। लेकिन आरोपी युवक कुलदीप उससे लगातार संपर्क करने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान जब उसे पता चला कि वह नोएडा शिफ्ट हो गई है तो वह उसका पीछा करते हुए नोएडा ही पहुंच गया। महिला का आरोप है कि अब उसकी वजह से वह अपने घर से बाहर तक निकल नहीं पा रही हैं।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
बताया गया कि युवक मूल रूप से मेरठ का रहने वाला है और वर्तमान में सिंगापुर में रहता है। इस मामले में युवक का कहना है कि महिला के पति की आत्मा उसके शरीर में है। यही कारण है कि उनकी पहले सिंगापुर में मुलाकात हुई और अब वह उसे ढूंढते हुए यहां तक चला आया। अब कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस महिला की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications