दिल्ली नोएडा सीमा और डीएनडी पर लंबा जाम, बिना पास वालों को यूपी पुलिस लौटा रही है वापस
नोएडा। देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में आने वाला यूपी का नोएडा, गाजियाबाद कोरोना वायरस के संक्रमण से त्रस्त है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के बीच काफी संख्या में लोग रोज कामकाज के सिलसिले में आते-जाते हैं। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए उत्तर प्रदेश में जिला प्रशासन ने गाजियाबाद और नोएडा सीमा को सील कर रखा है जिस वजह से लोगों को सोमवार को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बिना पास वालों को एंट्री नहीं
सोमवार को नोएडा प्रवेश द्वार पर सख्ती से जांच की जा रही है। दिल्ली जाने और उधर से आने वाली गाड़ियों की जांच के दौरान नोएडा प्रवेश द्वार पर भारी जाम लग गया। बिना पास वाले वाहन चालकों को वापस लौटा दिया गया। दिल्ली और नोएडा को जोड़ने वाले डीएनडी फ्लाईओवर पर भी यूपी पुलिस पास चेक कर रही है , जिस वजह से लंबा जाम लगा हुआ है।

दिल्ली की सीमाएं खुली हैं, यूपी की नहीं
दिल्ली ने नोएडा और गाजियाबाद से लगी अपनी सीमाएं खोल रखी हैं जबकि उत्तर प्रदेश ने सीमा सील कर रखी हैं। सुप्रीम कोर्ट ने इस बारे में जवाब-तलब किया तो उत्तर प्रदेश सरकार ने अदालत से कहा कि नोएडा और गाजियाबाद से 40 गुना ज्यादा कोरोना वायरस के मामले दिल्ली में हैं जिस वजह से सीमाओं को सील रखा गया है। यूपी सरकार के वकील ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि दिल्ली मे कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों को होम क्वारंटाइन में रहने की अनुमति दी गई है इसलिए भी नोएडा और गाजियाबाद की सीमा में बिना चेकिंग के दिल्ली से आने वाले लोगों को प्रवेश नहीं दिया जा सकता।
'आदेश के मुताबिक अभी सीमा सील रहेगी'
नोएडा और गाजियाबाद प्रशासन सीमा में उन्हीं को प्रवेश करने दे रहा है जो पास दिखा रहे हैं या जो जरूरी सेवाओं से जुड़े हैं। इस बारे में गौतमबुद्ध नगर के डीसीपी ट्रैफिक राजेश एस ने कहा है कि जिला प्रशासन के आदेश के मुताबिक, अभी सीमा सील रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications