Noida: बहुमंजिला इमारत की 8वीं मंजिल से गिरकर 21 वर्षीय युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस
नोएडा में एक बार फिर बहुमंजिला इमारत से गिरकर एक युवक की मौत हो गई है। जहां बीते शुक्रवार की सुबह सेक्टर-78 स्थित हाइड पार्क सोसायटी की 8वीं मंजिल की बालकनी से गिरकर एक 4 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई थी, वहीं शुक्रवार शाम सेक्टर-100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी की 8वीं मंजिल से गिरकर एक 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

8वीं मंजिल से गिरकर युवक की मौत
बता दें कि मथुरा के थाना कृष्णा नगर अंतर्गत मानस नगर कॉलोनी का रहने वाला 21 वर्षीय गंतव्य शर्मा नोएडा के सेक्टर-100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी के टावर नंबर-10 की 8वीं मंजिल पर फ्लैट नंबर-806 में अपने रिश्तेदारों के यहां आया हुआ था। 16 जून की रात यानी शुक्रवार रात करीब 23:15 बजे वह इसी फ्लैट से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पहली मंजिल की बालकनी पर गिरा युवक
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि सिक्योरिटी गार्ड के माध्यम से सूचना मिली कि टावर नंबर-10 के फर्स्ट फ्लोर के छज्जे पर एक युवक घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। देखकर लगता है कि ऊपर की किसी मंजिल की लॉबी से यह व्यक्ति गिर गया है, जिसके सिर में काफी चोट भी लगी है। सूचना मिलने पर तत्काल थाना फोर्स घटनास्थल पर पहुंचकर घायल को प्राइवेट वाहन की मदद से जिला अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने घायल व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।
घटना का कारण स्पष्ट नहीं, छानबीन में जुटी पुलिस
वहीं मृतक के परिजनों को पुलिस द्वारा जानकारी दी गई। साथ ही मृतक का पंचायत नामा कर शव को जिला मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। युवक के 8वीं मंजिल से गिरने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। इसलिए यह कह पाना मुश्किल है कि यह हादसा है, सुसाइड है या हत्या। फ़िलहाल फोरेंसिक टीम को घटनास्थल बुलाकर निरीक्षण कराया गया है और सभी बिन्दुओं पर जाँच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications