नहीं मिली UP Police में नौकरी तो बना गया फर्जी सिपाही, वर्दी पहनकर करने लगा उगाही
नहीं मिली UP Police में नौकरी तो बना गया फर्जी सिपाही, वर्दी पहनकर करने लगा उगाही
नोएडा, 12 अप्रैल: उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी पहन कर लोगों से उगाही करने वाले एक शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस की गिरफ्त में आया शख्स ने सिपाही की वर्दी पहनी हुई थी। पूछताछ में पता चला कि उसने पुलिस की नौकरी पाने के लिए काफी प्रयास किए थे, लेकिन जब उसे सफलता नहीं मिली तो वो फर्जी सिपाही बनकर घूमने लगा।

ये मामला गौतम बुद्ध नगर का है। पुलिस प्रवक्ता ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-63 थाने की पुलिस ने बीती रात सूचना के आधार पर छीजारसी गांव में सब्जी मंडी के पास से जयचंद्र उर्फ ललन को गिरफ्तार किया है। जब उसे गिरफ्तार किया गया तो उसने पुलिस की वर्दी पहनी हुई थी।
जब उस से पूछताछ की गई तो पता चला कि उसने पुलिस की नौकरी पाने के लिए काफी प्रयास किए थे, लेकिन जब उसे नौकरी नहीं मिली तो उसने गाजियाबाद में पुलिस लाइन के पास की एक दुकान से पुलिस की वर्दी, नेम प्लेट और बेल्ट आदि खरीद ली और इसके बाद वह फर्जी सिपाही बनकर घूमने लगा।
उन्होंने बताया कि उसने फर्जी पुलिसकर्मी बनकर छीजारसी गांव के आसपास के दुकानदारों से उगाही शुरू कर दी थी। प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि छीजारसी गांव में किराये के मकान में रहने वाले जयचंद्र ने पुलिसकर्मी बनकर अब तक कितने लोगों से ठगी की है। वह मूल रूप से कन्नौज का रहने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications