यमुना में एंटीफोमिंग एजेंट को लेकर भड़के BJP सांसद, तो लोगों ने सुनाई खरी-खरी,सौरभ भारद्वाज ने शेयर किया Video
दिल्ली जल बोर्ड ने यमुना में दिखने वाले जहरीले झाग को हटाने के लिए रसायन का छिड़काव किया। वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली बीजेपी सांसद प्रवेश वर्मा, बीजेपी नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा मौके पर पहुंच गए और अधिकारियों को फटकार लगा दी। बीजेपी सांसद ने तो अधिकारियों से अभद्रता करते हुए उन्हें गाली तक दे दी। इस बीच स्थानीय लोग भी वहां पहुंच गए और प्रवेश वर्मा सहित वहां मौजूद नेताओं को जमकर सुनाया। युवक की बातें सुनकर बीजेपी नेताओं की बोलती बंद हो गई। आप विधायक और दिल्ली जल बोर्ड के वाइस चेयरमैन सौरभ भारद्वाज ने इसका वीडियो भी शेयर किया है।

BJP MP ने अधिकारी से कहा - ये केमिकल सर पर डाल दूं
सौरभ भारद्वाज ने प्रवेश वर्मा द्वारा जल बोर्ड के अधिकारियों से फटकार लगाने का वीडियो भी शेयर किया है। इस वीडियो में बीजेपी सांसद प्रवेश वर्मा जल बोर्ड के अधिकारी से कह रहे हैं, 'आठ साल में तुम इसको साफ नहीं कर पाए, तुम लोगों को मार रहे हो। तू इसमें डुबकी लगा, ये केमिकल सर पर डाल दूं'। आप विधायक ने ट्वीट में लिखा, ''दिल्ली सरकार छठ पूजा की तैयारी कर रही है और भाजपा के नेता काम रोक रहे हैं, बदतमीजी कर रहे हैं। भाजपा चाहती है पूर्वांचली भाइयों को परेशानी हो और त्योहार खराब हो।''

लोगों ने BJP नेताओं को सुनाई खरी-खरी, सौरभ भारद्वाज ने शेयर किया VIDEO
आप विधायक ने एक अन्य वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें कुछ स्थानीय लोग अधिकारियों का पक्ष लेते हुए बीजेपी नेताओं की खरी-खरी सुनाते दिख रहे हैं। वे कहते हुए सुनाई दे रहे हैं, मैं यहां रोज आता है, अधिकारी अपना काम कर रहे हैं, नेता नहीं काम करता है। आप विधायक ने लिखा, ''स्थानीय पूर्वांचली लोगों ने भाजपा नेता @p_sahibsingh और @TajinderBagga को खरी-खरी सुनाई और भगा दिया। पूर्वांचली भाइयों ने कहा- भाजपा खुद कुछ करती नहीं है और दिल्ली सरकार के अफ़सरों को धमका रहे हैं।''

बीजेपी ने कहा - यमुना में किया जा रहा जहरीले रसायन का छिड़काव
छठ पर दिल्ली में श्रद्धालु यमुना नदी के घाटों पर पूजा करते हैं। पूजा से पहले यमुना प्रदूषण को लेकर राजनीति और आरोप-प्रत्यारोपों का भी दौर शुरू हो गया है। बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने गुरुवार को दिल्ली सरकार पर छठ पूजा से पहले यमुना से झाग हटाने के लिए उसमें जहरीले रसायन का छिड़काव करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा करते हुए कहा, "यमुना की प्रदूषण की स्थिति का जायजा लेने के लिए कालिंदी कुंज क्षेत्र का दौरा किया। हमें यह देखकर आश्चर्य हुआ कि झाग को छिपाने के लिए एक बहुत ही जहरीले रसायन का छिड़काव किया जा रहा था। जो लोग छिड़काव कर रहे थे वह हमें देखकर तुरंत भाग गए। हमने शिकायत दर्ज कराई है।"












Click it and Unblock the Notifications