IAS Sanjeev Khirwar: वो आईएएस अधिकारी, जिनके कुत्ते के टहलने के लिए खाली करवाया गया दिल्ली का स्टेडियम
नई दिल्ली, 26 मई: दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में ट्रेनिंग लेने वाले एथलीटों और कोचों ने आरोप लगाया कि उन्हें समय से पहले शाम 7 बजे तक प्रशिक्षण समाप्त करने के लिए कहा गया, क्योंकि आईएएस अधिकारी संजीव खिरवार को अपने कुत्ते को वहां टहलाना था। हालांकि, त्यागराज स्टेडियम के एडमिनिस्ट्रेटर अजीत चौधरी ने एथलीटों द्वारा लगाए गए आरोपों का खंडन किया और कहा कि उन्हें स्टेडियम को जल्दी खाली करने के लिए नहीं कहा गया था। उन्होंने कहा कि एथलीटों के ट्रेनिंग का आधिकारिक समय शाम 7 बजे तक है और उसके बाद कोच और एथलीट निकल जाते हैं। इस विवाद के बाद संजीव खिरवार चर्चा में आ गए हैं। आइए उनके बारे में जानते हैं।

कौन हैं आईएएस संजीव खिरवार?
संजीव खिरवार 1994 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह वर्तमान में दिल्ली सरकार के राजस्व आयुक्त हैं, जिनके अधीन राष्ट्रीय राजधानी के सभी जिला मजिस्ट्रेट काम करते हैं। इसके साथ ही वह दिल्ली के पर्यावरण विभाग के सचिव भी हैं। वह पहले दिल्ली में व्यापार और कर आयुक्त के पद पर तैनात थे।

भारत सरकार के साथ भी काम कर चुके हैं खिरवार
IAS संजीव खिरवार ने गोवा, अंडमान और निकोबार और अरुणाचल प्रदेश सहित कई राज्य सरकारों के साथ काम किया है। खिरवार पूर्व में भारत सरकार के साथ भी काम कर चुके हैं। संजीव खिरवार ने कंप्यूटर इंजीनियरिंग में बी. टेक किया है और अर्थशास्त्र में मास्टर डिग्री भी है। उन्होंने चंडीगढ़ में एक एसडीएम के रूप में अपना करियर शुरू किया था।

पत्नी भी हैं आईएएस अधिकारी
संजीव खिरवार का जन्म दिल्ली में हुआ था। उन्होंने एजीएमयूटी कैडर के 1994 बैच के आईएएस अधिकारी रिंकू धुग्गा से शादी की है। हरियाणा की रहने वाली धुग्गा भी स्टेडियम में अपने पति संजीव खिरवार के साथ घूमती हुई दिखाई दी हैं।

क्या है पूरा विवाद ?
द इंडियन एक्सप्रेस में छपी एक खबर के मुताबिक, दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में एथलीट और कोच को पिछले कुछ महीनों में शाम 7 बजे तक ट्रेनिंग पूरी करके स्टेडियम खाली करने के लिए कहा जाता था। इस रिपोर्ट में कहा गया, एक कोच ने बताया, ''हम पहले रात 8 से 8.30 बजे तक ट्रेनिंग करते थे, लेकिन अब हमें शाम 7 बजे तक मैदान से बाहर निकलने को कहा जाता है ताकि अधिकारी अपने कुत्ते को घूमा सकें। इससे हमारी ट्रेनिंग और प्रैक्टिस दोनों बाधित हो गई है।''












Click it and Unblock the Notifications