दिल्ली चुनाव: ईवीएम स्ट्रांग रूम के आस-पास परिंदा भी पर नहीं मार सकता
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा के लिए शनिवार हुए मतदान के बाद नौ जिलों में स्ट्रांग रूम में रखे गए 20 हजार इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसमें अर्धसैनिक बल सहित 10 हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। मतगणना मंगलवार को होगी। एक अधिकारी ने कहा कि दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए मतगणना मंगलवार को होगी और तब सभी पार्टी के कार्यकर्ताओं को मतगणना केंद्र में जाने की अनुमति होगी।

निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने कहा कि ईवीएम की तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। ये मशीनें नौ जिलों में स्ट्रांग रूम में रखी गई हैं। अधिकारी ने कहा कि सभी स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों, सशस्त्र पुलिस और स्थानीय पुलिस को तैनात किया गया है।
उन्होंने कहा कि मंगलवार को सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होगी और इसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। पार्टी कार्यकर्ताओं को मतगणना के समय केंद्र में जाने की अनुमति होगी। उल्लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा के लिए शनिवार को हुए मतदान में 67.14 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।












Click it and Unblock the Notifications