यूपी पंचायत चुनाव: पीएम मोदी से मिली प्रेरणा, चाय बेचने वाली मीनाक्षी लड़ेंगी प्रधानी का चुनाव
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में होने वाले पंचायत चुनाव का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। मुजफ्फरनगर के ककरौली थाना क्षेत्र के चौरावाला गांव में एक चाय बेचने वाली महिला चर्चा का विषय बनी हुई है। दरअसल, यहां चाय बेचने वाली महिला मीनाक्षी ने ग्राम प्रधान पद के लिए नामांकन किया है। मीनाक्षी का कहना है कि उन्होंने पीएम मोदी से प्रेरणा लेकर चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। प्रधान पद प्रत्याशी मीनाक्षी ने सभी ग्राम वासियों से वोट देने की अपील की है।

जब चाय बनाने वाला देश का पीएम बन सकता है, तो...
ककरौली थाना क्षेत्र के चौरावाला गांव में रहने वाले ज्ञान सिंह की पत्नी मीनाक्षी मोरना ब्लॉक पर चाय बनाने का काम करती हैं। मीनाक्षी ने ग्राम प्रधान पद के लिए नामांकन किया है। मीनाक्षी ने बताया कि उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरणा लेकर पंचायत चुनाव में नामांकन किया है। मीनाक्षी का कहना है कि जब चाय बनाने वाला देश का प्रधानमंत्री बनकर विकास कर सकता है तो वह भी ग्राम प्रधान बन कर गांव का विकास करेंगी। वह ग्राम प्रधान का चुनाव जीतकर गांव की समस्या का निस्तारण कराएंगी। हर महीने जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याओं का समाधान कराएंगी। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और सफाई पर विशेष ध्यान देंगे।

पिछले तीन साल बेच रही हैं चाय
मेरठ यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई कर चुकीं मीनाक्षी के पति ज्ञान सिंह मजदूरी करते हैं। गांव चौरावाला में करीब 7 हजार मतदाताओं में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट भी है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजना के तहत मीनाक्षी के लिए एक चाय के दुकान की व्यवस्था कर दी गई। पिछले तीन सालों से वह चाय बेचकर अपने परिवार की आजीविका चलाती हैं।

मीनाक्षी ने कहा- गांव के लोगों का पूरा साथ है
मीनाक्षी ने बताया कि वह एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रही हैं। मीनाक्षी का कहना है कि उन्हें किसी भी राजनीतिक दल का समर्थन प्राप्त नहीं है, लेकिन उनके पास गांव के लोगों का पूरा साथ है। बता दें, यूपी में चार चरणों में पंचायत चुनाव हो रहे हैं। पहले चरण में 15 अप्रैल, दूसरे चरण में 19 अप्रैल, तीसरे चरण में 26 अप्रैल और चौथे चरण में 29 अप्रैल को मतदान है। मुजफ्फरनगर में 19 अप्रैल को वोटिंग है। वहीं वोटों की गिनती 2 मई को होगी।












Click it and Unblock the Notifications