मुजफ्फरनगर: पति को पेड़ से बांध महिला से गैंगरेप की घटना में गिरफ्तार 10 आरोपियों पर लगेगा रासुका
मुजफ्फरनगर, 26 मार्च। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर क्षेत्र में महिला पर जुल्म और इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। इसने यूपी में महिला की सुरक्षा पर भी सवालिया निशान लगा दिया है। नई मंडी थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में पति को पेड़ से बांधकर पत्नी से चार लोगों ने गैंगरेप किया जबकि बाकी छह इस घटना में शामिल रहे। अपराध करने के बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। पत्नी ने पेड़ से बांधे गए पति को खोला और दोनों ने थाने जाकर केस दर्ज कराया। पुलिस ने इस मामले में दस आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उन पर रासुका के तहत कार्रवाई की जा रही है।
घटना मंगलवार की रात की है जब एक पति अपनी पत्नी को मायके से लेकर घर लौट रहा था। नई मंडी क्षेत्र में दावत खाकर लौट रहे कुछ युवकों ने महिला-पुरुष को जाते देखा तो वे बाइक से उनका पीछा करने लगे। जब पति-पत्नी हाईवे पर जा रहे थे तो वहां आम के बाग के पास युवकों ने दोनों को घेर लिया। आरोपी दोनों को आम के बाग में ले गए जहां पति को पेड़ से बांध दिया। इसके बाद महिला के साथ चार ने गैंगरेप को अंजाम दिया। फिर सभी युवक वहां से फरार हो गए।
गैंगरेप की शिकार हुई महिला ने पति के बंधन को खोला और दोनों अपने घर लौटे। अगले दिन पति-पत्नी दोनों थाने गए और वहां उन्होंने पुलिस से घटना की शिकायत की। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया और महिला का मेडिकल कराया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दस आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से चार आरोपियों पर गैंगरेप को अंजाम देने का आरोप है जबकि बाकी छह घटनास्थल पर मौजूद थे और उन्होंने घटना में साथ दिया था।
क्लास शुरू होने से पहले यूपी के हर मदरसे में गाया जाएगा राष्ट्रगान, शिक्षक और छात्र लेंगे भाग
पुलिस ने इस मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ रासुका लगाने का फैसला किया है। मंगलवार को हुए इस मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना से हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस मामले की आगे जांच कर चार्जशीट तैयार करने में लगी है।