Muzaffarnagar: बड़ी हसरत से रचाई थी शादी, परिवार को नशीली चाय पिलाकर फरार हुई "लुटेरी दुल्हन"
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक और परिवार लूटेरी दुल्हन का शिकार हो गया। इसी 26 जून को उत्तराखंड से विदा होकर आई नई नवेली दुल्हन ने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पहले सबको बेहोश किया और फिर घर से ज्वेलरी समेत लाखों का सामान लेकर रफूचक्कर हो गई। घटना की सूचना पीडित दूल्हे पक्ष द्वारा संबंधित थाने में दी गई है, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पहले ही रात में दुल्हन ने कर दिया कांड
दरअसल, रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव समौली निवासी जगपाल के बेटे विकास का विवाह 26 जून को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल निवासी गोरी के साथ खतौली कस्बे में हुआ था। बताया जा रहा है कि शादी के बाद दुल्हन को विदा कर लड़की वाले अपने घर वापस लौट गए थे। लेकिन पहले ही रात में गोरी नाम की इस शातिर लुटेरी दुल्हन ने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पहले तो दूल्हे पक्ष के पूरे परिवार को बेहोश किया और फिर लाखों रुपए के माल को चोरी कर फरार हो गई।

सुबह जब होश आया तब माजरा समझ आया
उधर परिजनों को घटना का जानकारी तब हुई जब सुबह उन्हें होश आया। होश में आते ही उन्होंने जो देखा वो नजारा सब कुछ बयां कर रहा था। घर का सारा सामान बिखरा हुआ था। लॉकर और तिजोरियां खुली पड़ी थीं। देख कर साफ़ कहा जा सकता था कि घर की सारी अलमारियां भी खंगाली गई हैं। उधर घर में सब मौजूद हैं लेकिन नई दुल्हन घर नजर नहीं आ रही है। जिसके बाद पीड़ित दूल्हे पक्ष ने रतनपुरी थाने में पहुंचकर लुटेरी दुल्हन गोरी, सोनू और राजकुमार के विरुद्ध नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग करी।

भाई ने बताई पूरी घटना कैसे हुई
दूल्हे के भाई विजेंद्र कुमार ने बताया कि "रात के 10:00 बजे के आस पास बहू ने चाय बनाकर सभी को पिलाई। लेकिन जैसे ही उसने चाय पिलाई तो चाय में कुछ ऐसा नशीला पदार्थ था कि सब लोग फटाफट जिसे जहां जगह मिली वहीं पर ही लोटपोट हो गया। मैंने चाय बहुत कम पी थी। इसलिए रात के 3:00 बजे मेरी आंख खुल गई। मैंने देखा कि सब लोट-पोट पड़े हुए थे। जिसके बाद मै डरता हुआ ऊपर गया तो जीने का मेन गेट खुला हुआ था। जैसे ही मैंने अपने भाई को देखा तो वह नशे में बिल्कुल चित पड़ा हुआ था।"
CCTV में लूटेरी दुल्हन कार में बैठती दिखी
विजेंद्र बताते हैं कि हमारी सेफ का लॉक भ्ही खुला हुआ था। जिसमे से मेरी घरवाली के सोने-चांदी के गहने, जिनकी कीमत लगभग 7 लाख रूपये थी वह सब वहां से गायब थे। यहां तक की जो कीमती कपड़े थे वो सब लेकर निकल गई थी। सुबह हमने लगभग 100 मीटर दूर लगे CCTV कैमरे में देखा कि एक नीले कलर की गाड़ी बड़ी स्पीड से आती है और बहू को बिठाकर वहां से ले जाती है। जिसके बाद हमने इस संबंध में अगले दिन ही रतनपुरी थाने को तहरीर देकर मामले की शिकायत दर्ज करवाई।

मुकदमा दर्ज, तलाश जारी
वही इस घटना की अधिक जानकारी देते हुए सीओ बुढ़ाना विनय कुमार गौतम ने बताया कि यह 26 जून को थाना रतनपुरी क्षेत्र में एक गोरी नाम की लड़की की शादी हुई थी। जोकि उत्तराखंड की रहने वाली है। वह अपने ससुराल से कुछ कैश और ज्वेलरी लेकर कहीं चली गई है। इस संबंध में अभियोग पंजीकृत कर दिया गया है और दो टीमें लगाकर तलाश की जा रही है। फ़िलहाल अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।
Recommended Video














Click it and Unblock the Notifications