बुर्के वाले बयान पर संजीव बालियान को चुनाव आयोग ने दिया झटका, बताया निराधार
मुजफ्फरनगर। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए पश्चिमी यूपी की 8 सीटों पर 11 अप्रैल यानि गुरुवार को मतदान हो रहा है। मुजफ्फरनगर भी पहले चरण की हाई प्रोफाइल सीटों में से एक है। इस सीट पर संजीव बालियान और अजीत सिंह के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। वहीं, मुजफ्फरनगर में भाजपा उम्मीदवार संजीव बालियान ने सुजदो गांव में फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया था। जिसका संज्ञान लेते हुए चुनाव आयोग ने इस गलत बताया है।

चुनाव आयुक्त ने कहा है कि संजीव बालियान के आरोप निराधार है, इस मसले पर जिला निर्वाचन अधिकारी से जानकारी ली गई है और किसी को भी बिना पहचान किए मतदान की इजाजत नहीं दी जा रही है। आपको बता दें कि संजीव बालियान ने कहा था कि अगर कोई महिला बुर्के में आ रही है तो वो तो कई बार वोट देकर जा सकती है, बुर्के में उनके चेहरे को देखा नहीं जा रहा है। उन्होंने कहा कि वोटर की जांच की जानी चाहिए क्योंकि उनको शक है कि कुछ फर्जी वोट डाले जा रहे हैं। संजीव बालियान ने कहा कि निर्वाचन अधिकारी अगर इसपर ध्यान नहीं देते हैं तो वो दोबारा मतदान की मांग करेंगे।
साल 2019 के इस लोकसभा चुनाव में जाटलैंड यानी मुजफ्फरनगर सीट पर दो दिग्गजों के बीच मुकाबला है। इस बार संजीव बालियान के सामने अजीत सिंह खड़े हैं। रालोद का इस चुनाव में सपा और बसपा के साथ गठबंधन है जबकि कांग्रेस ने यहां पर कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है। ऐसे में मुकाबला अजीत सिंह और संजीव बालियान के बीच है जिसपर सभी की नजरें टिकी हैं। वहीं, साल 2014 में संजीव बालियान ने कादिर राणा को हराकर जीत हासिल की थी।












Click it and Unblock the Notifications