मुजफ्फरनगर: लड़की ने परिवार की मर्जी के खिलाफ की शादी, भाई ने गोली मारकर की हत्या
मुजफ्फरनगर। वेस्ट यूपी के मुजफ्फरनगर में ऑनर किलिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। परिवार की मर्जी के खिलाफ निकाह के तीन महीने बाद घरवालों से मिलने पहुंची 20 साल की युवती को उसके भाई ने गोली मार दी। युवती की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाई फरार हो चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार भाई की तलाश में जुट गई है।

तीन महीने पहले की थी कोर्ट मैरिज
मामला मुजफ्फरनगर जिले के कवाल गांव का है। एसपी ग्रामीण नेपाल सिंह के मुताबिक, यहां रहने वाली 20 वर्षीय शबीना ने करीब तीन महीने पहले शाहवाज नाम के युवक से कोर्ट मैरिज कर ली थी। इस शादी से उसके परिवारवाले खुश नहीं थे। निकाह के बाद शबीना अपने शौहर के साथ सुजड़ गांव में रह रही थी। शबीना के परिवारवाले उससे खफा थे और उसे बोलचाल बंद कर दी थी।
भाई ने गोली मारकर की हत्या
बीते शनिवार को शबीना अपने माता-पिता से मिलने मायके पहुंची। इसी दौरान शबीना और उसके भाई सनव्वर (25) के बीच विवाद होने लगा। तभी सनव्वर ने तमंचा उठा लाया और शबीना की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन गुपचुप तरीके से शबीना का अंतिम संस्कार करने की तैयारी करने लगे, लेकिन इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने बताया कि आरोपी भाई फरार है, उसकी तलाश जारी है।












Click it and Unblock the Notifications