जयंत ने दिया बीजेपी को झटका, मीरपुर से विधायक अवतार सिंह भड़ाना RLD में हुए शामिल
जयंत ने दिया बीजेपी को झटका, मीरपुर से विधायक अवतार सिंह भड़ाना RLD में हुए शामिल
मुजफ्फरनगर, 12 जनवरी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 की तारीखों का ऐलान होने के बाद से ही भारतीय जनता पार्टी के अंदर भगदड़ मच गई है। स्वामी प्रसाद मौर्य के योगी मंत्रीमंडल से इस्तीफा देने के बाद पार्टी विधायकों का इस्तीफा देने का सिलसिला जारी है। तो वहीं, अब मुजफ्फरनगर जिले के मीरपुर से बीजेपी विधायक अवतार सिंह भड़ाना ने इस्तीफा दे दिया है। वो राष्ट्रीय लोकदल में शामिल हो गए है।

बीजेपी विधायक अवतार सिंह भड़ाना बुधवार (12 जनवरी) को दिल्ली पहुंचे और राष्ट्रीय लोकदल में शामिल हुए। भड़ाना को आरएलडी के अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस बात की जानकारी पार्टी राष्ट्रीय लोकदल के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से ट्वीट करके दी गई है। आरएलडी में शामिल होने के बाद भड़ाना की गुर्जर बाहुल्य इलाके गौतम बुद्ध नगर की जेवर सीट से चुनाव लड़ेंने की चर्चा है। आपको बता दें अवतार सिंह भड़ाना चार बार के सांसद भी रहे हैं।
Recommended Video
भड़ाना की गिनती गुर्जर राजनीति के शीर्ष नेताओं में होती है। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में भड़ाना ने एकाएक बीजेपी ज्वाइन कर ली थी। मेरठ-मवाना लोकसभा सीट से वर्ष 1999 में कांग्रेस सांसद रह चुके भड़ाना को बीजेपी ने टिकट दिया, तो उन्हें कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का विरोध भी झेलना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने मात्र 193 वोट से सपा के प्रत्याशी लियाकत अली को शिकस्त देकर मीरापुर से बीजेपी का विधायक बनने में कामयाबी हासिल की।
योगी सरकार के मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने से भड़ाना को मायूसी हाथ लगी। हालांकि, लंबे राजनीतिक अनुभव के बाद भी उन्हें मंत्री नहीं बनाया गया, तो उनका बीजेपी से मोह भंग होने लगा था। आगामी चुनाव से ठीक पहले भड़ाना ने बीजेपी छोड़कर राष्ट्रीय लोकदल का दामन थाम लिया है।












Click it and Unblock the Notifications