BJP MLC के घर के बाहर कौन रख गया सोने-चांदी और मूर्तियों से भरा बैग ? पुलिस वालों को देखकर भागा!
मुंबई, 10 जुलाई: मुंबई में भारतीय जनता पार्टी के विधान पार्षद प्रसाद लाड के घर कोई संदिग्थ शख्स चोरी का बेशकीमती सामान छोड़ गया है। पुलिस अभी तक सिर्फ यह पता लगा पाई है कि माल चोरी का है, लेकिन उसे सत्ताधारी दल के एमएलसी के घर के बाहर रखने का क्या मकसद है, इसके बारे वह सिर्फ अंदाजा ही लगा पा रही है। हैरानी की बात ये है कि लाड के घर के बाहर 24 घंटे सुरक्षाकर्मी मौजूद होते हैं, जिसमें पुलिस वाले भी शामिल हैं। एमएलसी के घर के बाहर छोड़े गए सामानों की जब छानबीन की गई है तो उसमें सोने-चांदी की ज्वेलरी और पैसों के अलावा देवी-देवताओं की मूर्तियां भी मिली हैं।

भाजपा एमएलसी के घर के बाहर चोरी का माल किसने रखा ?
मुंबई पुलिस की नाक के नीचे कोई शख्स एक भाजपा विधान पार्षद के घर के बाहर चोरी का माल छोड़कर चला गया और पुलिस अबतक उसका कुछ भी पता नहीं लगा पाई है। घटना इस तरह से है कि एक अज्ञात शख्स ने कथित तौर पर मुंबई के माटुंगा इलाके में सोने-चांदी की ज्वेलरी, कैश और देवी-देवताओं की मूर्तियां चुराईं और उन बहुमूल्य चीजों को बीजेपी एमएलसी प्रसाद लाड के घर के बाहर छोड़कर भाग गया। पुलिस को संदेह है कि आरोपी ने पड़ोस की जर्जर बिल्डिंग से ये सामान चोरी की और लाड के घर के बाहर तैनात पुलिस वालों और सिक्योरिटी गार्ड को देखने के बाद उन्हें वहीं पर छोड़कर भाग गया।

खस्ताहाल इमारत से चोरी हुआ था सारा माल-पुलिस
माटुंगा पुलिस थाने के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर दीपक चव्हाण ने कहा है कि घर में सेंधमारी का एक केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा है, 'एक कॉल आने के बाद हमने जांच शुरू की है कि लाड के घर के बाहर बेशकीमती सामानों से भरा एक बैग मिला है।' पुलिस के मुताबिक एक टीम फौरन मौके पर पहुंच गई और इलाके की सीसीटीवी के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए। माटुंगा पुलिस ने जांच के बाद पाया कि एक अज्ञात शख्स ने पड़ोस की इमारत के ग्राउंड फ्लोर से कैश और कीमती सामान चुरा लिए थे। चव्हाण ने कहा कि, 'अधिकारियों ने बिल्डिंग को जीर्ण-शीर्ण घोषित कर दिया था, जिसके चलते उसे सालों पहले खाली करा लिया गया था।'

पुलिस और सुरक्षाकर्मी को देखकर भागा होगा संदिग्ध-पुलिस
पुलिस के मुताबिक रविवार तड़के आरोपी ग्राउंड फ्लोर के फ्लैट में बाथरूम की खिड़की से घुसा और सोने-चांदी, पैसे और मूर्तियों वाला चोरी का सामान एक बैग में भर लिया। पुलिस अधिकारी ने कहा, 'हमें लगता है कि जैसे ही वह चोरी करने के बाद इमारत से बाहर निकला, उसे लाड के घर के बाहर पुलिसकर्मी और सिक्योरिटी गार्ड दिखाई पड़े, जिसके कारण वह कीमती सामान वहीं फेंक कर फरार हो गया।'

पुलिस को संदिग्ध की तलाश
पुलिस का कहना है कि उसने उस फ्लैट के मालिक का बयान रिकॉर्ड किया है, जिसने कैश और कुछ बेशकीमती सामान चोरी होने की पुष्टि की है, जो उन्होंने ग्राउंड फ्लोर के फ्लैट में रखा था। उसके बयान आधार पर यह केस दर्ज किया गया है और पुलिस को उस संदिग्ध की तलाश है। लेकिन, मामला सत्ताधारी बीजेपी पार्षद का है, इसलिए यह मामला ज्यादा संवेदनशील लग रहा है।

पुलिस की तैनाती में भी किसने किया कांड ?
प्रसाद लाड को इस घटना की जानकारी उनके बिल्डिंग के सिक्योरिटी गार्ड ने फोन करके दी। खुद प्रसाद लाड ने मीडिया वालों को बताया कि संदिग्ध बैग मिला है, जिसमें सोना-चांदी, पैसा-लोटा और मूर्तियां हैं। उन्होंने हैरानी भी जताई कि मेरे घर के बाहर पूरे दिन पुलिस वाले रहते हैं, फिर यह बैग कोई कैसे छोड़ गया। (मुंबई पुलिस की तस्वीर प्रतीकात्मक, घटना की तस्वीर ट्विटर वीडियो से)












Click it and Unblock the Notifications