कोरोना के घटे मामले, मुंबई में दो साल बाद पूरी क्षमता के साथ खुले स्कूल
मुंबई, 02 मार्च। तकरीबन दो साल तक कोरोना के चलते देशभर में लोगों की जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया था। सभी स्कूल-कॉलेज को इस दौरान बंद करना पड़ा था। लेकिन अब हालात धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। देश में कोरोना के नए मामलों की संख्या अब बहुत ही कम हो गई है। हालात बेहतर होने के साथ ही अब स्कूल-कॉलेज को फिर से खोला जा रहा है। मुंबई में भी सभी स्कूलों को पूरी क्षमता के साथ खोला जा रहा है। कोरोना के मामलों में गिरावट को देखते हुए मुंबई में सभी स्कूलों को पूरी क्षमता से खोलने की इजाजत दे दी गई है। जिसके बाद बच्चों के स्कूल जाने की तस्वीर सामने आने लगी है।

इससे पहले मुंबई के ज्यादातर स्कूल ऑफलाइन मोड पर चल रहे थे। लेकिन कोरोना के नए मामलों में बड़ी गिरावट के बाद बीएमसी ने स्कूलों को 100 फीसदी क्षमता के साथ खोलने की इजाजत दे दी। बीएमसी की ओर से जो सर्कुलर जारी किया गया उसमे कहा गया कि सभी स्कूल, सभी माध्यम के 2 मार्च से पूरी क्षमता के साथ खोले जा सकते हैं। गौर करने वाली बात है कि बीएमसी ने कोरोना आने से पहले जिस समय सारिणी के साथ स्कूल चल रहे थे उसी के अनुसार एक बार फिर से स्कूलों को चलाने की इजाजत दे दी है।
साथ ही बीएमसी ने दिव्यांग बच्चों के लिए ऑफलाइन क्लास भी चलाने की अनुमति दी है। हालांकि दिव्यांग बच्चों के लिए चल रहे स्कूलों को स्कूल में छात्रों को बुलाने से पहले उनके माता-पिता की अनुमति लेना अनिवार्य होगा इसके बाद ही वह कोरोना काल से पहले के हिसाब से स्कूलों को चला सकते हैं। साथ ही बीएमसी ने शर्त रखी है कि स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षकों को वैक्सीन की दोनों डोज लगी होनी चाहिए,स्कूल आते समय उनका तापमान सामान्य होना चाहिए। यही नहीं स्कूल में प्रवेश से पहले बच्चों का भी तापमान चेक किया जाना चाहिए। अब स्कूल छात्रों को बस सेवा भी मुहैया करा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications