महिलाओं को हाजी अली दरगाह में प्रवेश की अनुमति पर बोले देवेंद्र फड़नवीस
सुप्रीम कोर्ट के महिलाओं को हाजी अली की दरगाह में प्रवेश की अनुमति देने पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फड़वनीस ने खुशी जाहिर की है।
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने सुप्रीम कोर्ट के महिलाओं को हाजी अली की दरगाह में प्रवेश की इजाजत दिए जाने पर कहा कि वो फैसले से खुश हैं। फड़नवीस ने कहा कि हम हर क्षेत्र में महिलाओं को बराबर के हक दिए जाने के पक्ष में हैं और फैसले का स्वागत करते हैं।

लंबे समय से मुंबई की हाजी अली दरगाह में महिलाओं के प्रवेश के लिए लड़ रहे महिलाओं के संगठन भारतीय मुस्लिम महिला आंदोलन की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मंगलवार को महिलाओं ने पहली बार हाजी अली दरगाह में प्रवेश किया है।
लंबे समय से कई महिला संगठनों और दरगाह ट्रस्ट के बीच महिलाओं के दरगाह में प्रवेश को लेकर खींचतान चल रही है। इसको लेकर कई बार दरगाह पर कुछ महिलाएं प्रदर्शन भी कर चुकी हैं। इसी पर अब सुप्रीम कोर्ट ने फैसला दिया है। फैसले पर महाराष्ट्र के सीएम ने भी खुशी जताई है।
महिलाओं के एक ग्रुप ने मंगलवार को की जियारत
कोर्ट से लड़ाई जीतने के बाद मंगलवार को 70-80 महिलाएं दरगाह गईं और मजार पर फूल चढ़ाए। बीते 24 अक्टूबर को कोर्ट ने महिलाओं के दरगाह पर जाने के हक में फैसला दिया था।
कोर्ट का फैसला आने के बाद ट्रस्ट ने दरगाह में प्रवेश के लिए मर्दों और औरतों के लिए अलग-अलग रास्ते बना दिए हैं। अब मजार पर इस तरह से इंतजाम किया गया है कि कोई भी मजार छू ना सके।

2012 में दरगाह ट्रस्ट ने एक मीटिंग के बाद दरगाह में महिलाओं के मजार तक जाने पर प्रवेश पर रोक लगा दी थी। पिछले कुछ समय से महिला संगठन इसके खिलाफ मुखर थे और मामले को सुप्रीम कोर्ट तक ले गए।












Click it and Unblock the Notifications