महाराष्ट्र में BJP की जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर विवाद बढ़ा, मुंबई पुलिस ने दर्ज की 17 और FIR
मुंबई, अगस्त 21। मोदी कैबिनेट विस्तार के बाद महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों में निकाली गई बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। दरअसल, महाराष्ट्र सरकार ने बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा में कोविड प्रोटोकॉल के उल्लंघन की शिकायत पुलिस से की है, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई करना शुरू कर दिया है। अभी तक इस मामले में कुल 36 FIR दर्ज हो चुकी हैं। आपको बता दें कि शनिवार को भी मुंबई पुलिस ने 17 FIR दर्ज की। हालांकि अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

कल भी 19 एफआईआर हुई थीं दर्ज
इससे पहले शुक्रवार को भी मुंबई पुलिस ने जन आशीर्वाद यात्रा में कोविड प्रोटोकॉल के उल्लंघन को लेकर 19 एफआईआर दर्ज की थी। जानकारी के मुताबिक, विले पार्ले, खेरवाड़ी, माहिम, शिवाजी पार्क, दादर, चेंबूर और गोवंडी थानों में आईपीसी की धारा 188 (लोक सेवक के आदेश की अवहेलना) के साथ ही आपदा प्रबंधन एक्ट और मुंबई पुलिस अधिनियम के तहत ये FIR दर्ज की गई हैं।
इन राज्यों में बीजेपी निकाल रही है जन आशीर्वाद यात्रा
आपको बता दें कि मोदी कैबिनेट में विस्तार के बाद महाराष्ट्र के अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश समेत उन राज्यों में बीजेपी जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रही है, जहां से बीजेपी सांसदों को मोदी कैबिनेट में जगह मिली है। हिमाचल में अनुराग ठाकुर, राजस्थान में भूपेंद्र यादव और मध्य प्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। मुंबई में नारायण राणे के नेतृत्व में जन आशीर्वाद यात्रा निकाली गई थी, जिसमें बीजेपी कार्यकर्ताओं के अलावा पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस, प्रवीण दारेकर और पार्टी के अन्य नेता शामिल हुए थे।
महाराष्ट्र के अलावा राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर विपक्ष सवाल खड़े कर रहा है। राजस्थान में भूपेंद्र यादव की जन आशीर्वाद रैली पर गहलोत सरकार दो मंत्रियों ने जमकर निशाना साधा।












Click it and Unblock the Notifications