बढ़ा तीसरी लहर का खतरा! नवी मुंबई के एक ही स्कूल में 16 छात्र मिले कोरोना पॉजिटिव
नवी मुंबई के एक ही स्कूल में 16 छात्रों के कोरोना वायरस पॉजिटिव मिलने के बाद हड़कंप मच गया है।
मुंबई, 18 दिसंबर: कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन की दहशत के बीच महाराष्ट्र के नवी मुंबई में एक ही स्कूल के 16 छात्र संक्रमित मिले हैं। जानकारी के मुताबिक, ये सभी छात्र कक्षा 8 से कक्षा 11 के बीच के हैं। इतनी बड़ी संख्या में एक साथ छात्रों के कोरोना वायरस पॉजिटिव मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने सभी छात्रों और पूरे स्टाफ की टेस्टिंग शुरू कर दी है। प्रशासन के मुताबिक, स्कूल में 600 से ज्यादा छात्र है, जिनकी कोरोना वायरस टेस्टिंग की जाएगी।

वहीं, नवी मुंबई नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों में से एक छात्र के पिता कुछ दिन पहले ही कतर की यात्रा से भारत लौटे थे। एहतियात के तौर पर छात्र के पिता और उनके पूरे परिवार की कोरोना वायरस जांच कराई गई। जांच में पिता की रिपोर्ट नेगेटिव आई, जबकि छात्र कोरोना वायरस से संक्रमित मिला। इसके बाद इस छात्र के संपर्क में आए सभी छात्रों का कोरोना वायरस टेस्ट कराया गया, जिसमें 16 छात्र संक्रमित मिले।
तीनों डोज ले चुका शख्स ओमिक्रॉन से संक्रमित
गौरतलब है कि शुक्रवार को ही मुंबई में एक ऐसा शख्स कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन से संक्रमित मिला, जो फाइजर वैक्सीन की तीनों डोज ले चुका है। मुंबई का रहने वाला ये शख्स हाल ही में न्यूयॉर्क की यात्रा से लौटा था। एयरपोर्ट पर प्रोटोकॉल के तहत इस शख्स की कोविड जांच की गई, जिसमें उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद शख्स के सैंपल को जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजा गया, जहां ओमिक्रॉन वेरिएंट की पुष्टि हुई।
देश के 11 राज्यों में मिले ओमिक्रॉन के 101 केस
आपको बता दें कि देश में इस समय कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर भी दहशत बढ़ी हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, अभी तक देश के 11 राज्यों में ओमिक्रॉन से संक्रमित 101 मरीज मिल चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस समय लोगों को अतिरिक्त तौर पर अलर्ट रहने की जरूरत है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सलाह दी कि लोगों को अभी अनावश्यक यात्राएं करने से बचना चाहिए और साथ ही भीड़भाड़ वाली जगहों से भी दूर रहें।












Click it and Unblock the Notifications