फ्रांस से लौटी 19 साल की इस लड़की ने दी कोरोना को मात, मुरादाबाद में चल रहा था इलाज
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में कोरोना संक्रमित भर्ती युवती की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है। मुरादाबाद की रहने वाली 19 साल की मारिषा शुक्ला 23 दिन से अस्पातल में भर्ती थी। कोरोना को मात देने वाली मारिषा शुक्ला जब अस्पताल से बाहर निकलीं तो वे अस्पताल स्टाफ को लेकर काफी भावुक हो गईं। मारिषा ने सभी से अपील भी कि घरों में ही रहें और अगर किसी को शक है तो वो अपना चेकअप जरूर कराएं। अस्पताल की सीएमएस और स्टाफ ने उन्हें बुके देकर घर के लिए रवाना किया। डॉक्टरों ने मारिषा को अगले 15 दिन तक होम क्वारंटाइन का निर्देश दिया है।

फ्रांस लौटी थीं मारिषा
बता दें, मारिषा शुक्ला कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान की भतीजी हैं। वह फ्रांस से 13 मार्च को लौटी थीं। 18 मार्च को कोरोना के लक्षण के चलते मारिषा को जिला अस्पताल लाया गया, जहां रिपोर्ट पॉजिटिव होने के बाद उनका इलाज चला। सीएमएस डॉ. ज्योत्स्ना पन्त ने बताया कि 23 दिन तक युवती का इलाज अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ ने किया। हमारे यहां ये कोरोना संक्रमित का पहला केस था, जिसमें हम लोगों ने सामूहिक रूप से सफलता पाई है। डॉक्टर ने बताया कि खुद युवती ने भी अस्पताल स्टाफ को काफी सपोर्ट किया, जिस कारण उसकी हालत में तेजी से सुधार हुआ। ये हमारे लिए काफी गौरव की बात है उन्होंने पूरे स्टाफ की मेहनत को सराहा।

वीडियो जारी कर लोगों से की थी ये अपील
मारिषा ने बीते गुरुवार को सोशल मीडिया पर 36 सेकेंड का एक वीडियो जारी किया था। उन्होंने इस वीडियो के जरिए लोगों से इस महामारी से डरने के बजाए लड़ने की अपील की थी। डॉक्टरों के प्रयासों को सराहा था। उन्होंने सभी से इस लड़ाई में सहयोग की अपील की साथ ही बिना डरे लड़ने की बात कही थी। शुक्रवार को जब अस्पताल स्टाफ मारिषा शुक्ल को भेजने आया तो वो भी काफी भावुक हों गईं। मारिषा ने सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि कैसे ये दिन कट गए पता ही नहीं चला। एक परिवार की तरह ही ट्रीटमेंट चला। सीएमओ डॉ एमसी गर्ग के मुताबिक, फिलहाल जनपद में अब कोई कोरोना संक्रमित की पुष्टि नहीं है। एक दर्जन से अधिक संदिग्ध की रिपोर्ट आना अभी बाकी है।

उत्तर प्रदेश में मरीजों की संख्या पहुंची 431
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। यूपी में पिछले 24 घंटे में कोरोना से संक्रमित 21 नए मामले सामने आए हैं। प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) अमित मोहन प्रसाद ने शुक्रवार को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 431 पहुंच चुकी है। इनमें से 32 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। चार लोगों की इस वायरस से मौत हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications