मेरठ के लालकुर्ती में होमगार्ड की पत्नी की हत्या कर फरार हुआ शूटर गिरफ्तार, पुलिस पर चलाई गोली
मेरठ। उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों लालकुर्ती थाना क्षेत्र में हुई होमगार्ड की पत्नी की हत्या मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने होमगार्ड की पत्नी की हत्या कर भागे भाड़े के शूटर को धर दबोचा है। यह शूटर आज एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग की थी, हालांकि, जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। जिसके चलते वह तो पकड़ा गया, मगर उसके साथी भाग निकले।

पुलिस के मुताबिक, हत्यारोपी बदमाश 25 हजार का ईनामी है। बहरहाल उस बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ क्राइम संजीव देशवाल का कहना है कि पुलिस पिछले काफी दिनों से होमगार्ड की पत्नी के हत्यारों की तलाश में जुटी थी। लालकुर्ती क्षेत्र में एक सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सामने से आ रही हरियाणा नंबर की एक शिफ्ट डिजायर कार को रोकने का प्रयास किया। जिसके बाद कार सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में लाल कुर्ती के हंडिया मोहल्ला का रहने वाला नरेंद्र पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं उसके अन्य साथी कार सहित मौके से फरार हो गए। सीओ क्राइम ने बताया कि घायल बदमाश नरेंद्र पिछले दिनों लालकुर्ती क्षेत्र में हुई होमगार्ड की पत्नी रेखा की हत्या में वांछित चल रहा था। आरोपी के ऊपर 25 हजार का इनाम भी घोषित था।

आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। घायल बदमाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताते चलें कि रेखा की हत्या की साजिश रचने के आरोप में पुलिस उसके होमगार्ड पति को पहले ही जेल भेज चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications