अधेड़ रईसों को फंसाती थी, फिर करती थीं केस, वसूली...और हो जाती थीं फरार, 'हनीट्रैप गैंग' तक यूं पहुंची पुलिस
मेरठ। परतापुर थाना पुलिस ने युवतियों के एक ऐसे गिरोह का खुलासा किया है, जो अधेड़ व्यक्तियों को हनीट्रैप में फंसाने की धमकी देकर उनसे मोटी रकम वसूलकर उनके साथ समझौता कर लेती थीं। पुलिस का दावा है कि आरोपी महिलाएं अब तक कई लोगों को अपना शिकार बना चुकी हैं। बता दें कि पुलिस ने पिछले दिनों एक टीचर पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली युवती सहित दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
Recommended Video

क्या है मामला
जानकारी के मुताबिक, 12 अगस्त को मोदीनगर की गोविंदपुरी निवासी तनु शर्मा नाम की युवती ने मोदीपुरम के रहने वाले अधेड़ टीचर ध्यानचंद पर खुद के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया था। युवती का आरोप था कि पहले से परिचित ध्यानचंद ने उसे नर्सिंग का कोर्स कराने का झांसा देकर मिलने के लिए परतापुर स्थित कसाना गेस्ट हाउस में बुलाया। इसके बाद शिक्षक ने नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस जांच में ही जुटी थी कि पीड़िता के साथ थाने पहुंची एक महिला ने खुद को महिला आयोग की अधिकारी बताते हुए थाने में हंगामा कर दिया।

164 के बयान से मुकर गई पीड़िता
इसके बाद पुलिस ने भी आनन-फानन में आरोपी टीचर ध्यानचंद को जेल भेज दिया था। ध्यानचंद के जेल जाने के बाद युवती की ओर से ध्यानचंद के परिवार को समझौते के लिए मेसेज भिजवाया गया। बातचीत होने के बाद युवती ने आरोपी ध्यानचंद के परिवार से एक मोटी रकम वसूली। इसके बाद कोर्ट में हुए 164 के बयान के दौरान पीड़िता ध्यानचंद पर लगाए गए दुष्कर्म के आरोपों से मुकर गई। इतना ही नहीं सोमवार को तथाकथित पीड़िता तनु शर्मा अपने साथ संगीता नाम की महिला को लेकर परतापुर थाने जा पहुंची।

पूछताछ में हुआ ये खुलासा
तनु ने केस की जांच कर रहे धर्मवीर नाम के दरोगा पर आरोपी ध्यानचंद के पक्ष में मुकदमे में एफआर लगाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसे लेकर उसकी पुलिस के साथ बहस हो गई। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने दोनों महिलाओं को थाने में बैठा लिया। परतापुर थाने के इंस्पेक्टर आनंद मिश्रा ने बताया कि तनु और संगीता से पूछताछ की गई तो सनसनीखेज खुलासा हुआ। जानकारी मिली कि दोनों महिलाएं अबतक कई लोगों को हनी ट्रैप में फंसाकर अपना शिकार बना चुकी हैं। इस गिरोह की सरगना हापुड़ के गढ़ी मोहल्ला निवासी संगीता है।

दोनों महिला के खिलाफ दर्ज किया पुलिस ने केस
संगीता के पास तनु जैसी कई लड़कियों की फौज है। इन लड़कियों के माध्यम से संगीता बुजुर्ग और नौकरीपेशा व्यक्तियों को अपना शिकार बनाती रही है। लोगों को झूठे मुकदमे में फंसाकर बाद में समझौते के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूलना इन महिलाओं का पेशा है। इंस्पेक्टर परतापुर ने बताया कि दोनों महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। वहीं, जेल भेजे गए ध्यानचंद की रिहाई के लिए 169 सीआरपीसी की कार्रवाई की गई है।












Click it and Unblock the Notifications